Amritsar शराब कांड में नया मोड़, अब असली मालिक पर दर्ज हुआ केस
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 03:09 PM (IST)
अमृतसर (अक्षय): बीती रात हुई शराब की बड़ी बरामदगी के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में पहले अलग-अलग लोगों के नाम सामने आ रहे थे, लेकिन अब पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए जसपनीत भिंडर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शुरुआत में ठेके के मालिकों की तरफ से दावा किया गया था कि बरामद शराब का गोदाम विक्की भिंडर से जुड़ा हुआ है। वहीं पुलिस ने पहले रोहित तुली नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। इसके बाद रोहित तुली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल से उनका उस इलाके से कोई संबंध नहीं है और उनकी साझेदारी भी दो साल पहले खत्म हो चुकी है। रोहित ने कहा कि जब उनका उस कारोबार या इलाके से कोई लेना-देना नहीं है तो फिर गोदाम को उनके नाम से कैसे जोड़ा गया।
रोहित तुली ने आरोप लगाया कि पुलिस ने राजनीतिक दबाव में आकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। वहीं दूसरी तरफ ठेके से जुड़े लोगों ने मीडिया के सामने विक्की भिंडर के गोदाम होने का दावा किया था। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामले में नया नाम जोड़ते हुए विक्की भिंडर के बेटे जसपनीत भिंडर के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया। बताया जा रहा है कि जसपनीत भिंडर शराब ठेकों में हिस्सेदार था और वह कांग्रेस नेता व जंगलात विभाग के पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र सिंह विक्की भिंडर का बेटा है। सूत्रों के मुताबिक जसपनीत पर आरोप है कि वह अपने साझेदारों को धोखे में रखकर अलग से शराब का स्टॉक जमा कर बेच रहा था और उससे मोटा मुनाफा कमा रहा था। जब अन्य साझेदारों को इस पर शक हुआ तो उन्होंने छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

