नूरमहल पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, आंखों में मिर्ची डाल दिया था वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 12:44 PM (IST)
नूरमहल (शर्मा): जालंधर देहाती पुलिस के उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के तहत विनीत अहलावत पुलिस कप्तान (तफ्तीश), ओंकार सिंह बराड़ डी.एस.पी. सब-डिवीजन नकोदर और इंस्पैक्टर पलविंदर सिंह, एस.एच.ओ. थाना ने नूरमहल क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल केस की गुत्थी सुलझा दी है। पूरी टीम ने आधुनिक और तकनीकी तरीकों का उपयोग करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। डी.एस.पी. ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि 1 मार्च 2026 को दलीप सिंह पुत्र ध्यान सिंह निवासी पट्टी पुरेवाल, शंकर (थाना सदर नकोदर) द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई गई कि उसका पुत्र इकबाल सिंह उर्फ बब्बलू 28 फरवरी 2026 को नकोदर से गांव रामपुर की ओर स्कूटर पर गया था।
रास्ते में नूरमहल के पास नए बने हाईवे के नजदीक कच्चे रास्ते पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इस संबंध में थाना नूरमहल में एफआईआर नंबर 32 दिनांक 01.03.2026 के तहत धारा 103 बी.एन.एस. के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक पिछले लगभग 17–18 वर्षों से एन.आर.आई. अमरजीत सिंह कंग के घर रह रहा था और घर की देखभाल करता था। वहीं काम कर रहे सतनाम सिंह (मिस्त्री) और बब्बलू उर्फ लल्ला (मजदूर) के साथ उसका अक्सर झगड़ा रहता था, क्योंकि मृतक अक्सर उनके काम में दखल देता था, जिससे आपसी रंजिश पैदा हो गई थी।
28 फरवरी 2026 को लगभग रात 8.30 बजे आरोपियों ने योजना बनाकर इकबाल सिंह को रास्ते में रोक लिया, उसकी आंखों में मिर्चें डाल दीं और दरांती से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से मृतक का मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी जांच की मदद से 2 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा और आगे की पूछताछ जारी है।
मृतक की पहचान इकबाल सिंह उर्फ बब्बलू पुत्र दलीप सिंह निवासी पट्टी पुरेवाल, शंकर, थाना सदर नकोदर के रूप में हुई है, जो बब्बलू क्लॉथ हाउस, छोटा बाजार नकोदर से संबंधित था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतनाम सिंह पुत्र शिंगारा सिंह निवासी मलोवाल, थाना मेहतपुर और बब्बलू उर्फ लल्ला पुत्र राजू निवासी पंडोरी मोतुआ, थाना सदर नकोदर के रूप में हुई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

