जालंधर: भगवान वाल्मीकि चौक पर बवाल: मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 09:31 PM (IST)
जालंधर: महानगर के भगवान वाल्मीकि चौक पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब कथित चोरी के आरोप में पकड़े गए एक दो युवकों को लेकर हंगामा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि हालात पर काबू पाने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। घटना के बाद लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धरना शुरू कर दिया, जिससे चौक पर लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवकों को कथित तौर पर चोरी करते हुए पकड़ लिया गया और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को हिरासत में ले लिया गया, लेकिन लोगों का आरोप है कि पुलिस ने उसके खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की।
मामले की जानकारी देते हुए जितेंद्र ने बताया कि मार्केट प्रधान ने दो कथित चोरों को पकड़कर थाना नंबर-4 पहुंचाया था। आरोप है कि वहां दोनों युवकों ने मार्केट प्रधान के साथ बहस और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान उनके 6-7 अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और मार्केट प्रधान पर हमला कर दिया। जितेंद्र के मुताबिक, हमलावरों के हाथों में तेजधार हथियार थे। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने दो युवकों को पकड़ लिया, लेकिन आरोप है कि बाकी आरोपी पुलिस की मौजूदगी में ही फरार हो गए।
घटना से नाराज स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भगवान वाल्मीकि चौक पर धरना देकर इंसाफ की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रदर्शनकारी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फरार युवकों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

