जालंधर शोरूम फायरिंग केस में पुलिस Action, गोली चलाने वाला एक आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 07:58 PM (IST)

जालंधर: शहर के किशनपुरा चौक स्थित बी.एम.एस. फैशन शोरूम पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान घास मंडी निवासी कुश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, ताकि उससे पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपी और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

गौरतलब है कि बीते दिन कुछ बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े किशनपुरा चौक स्थित बी.एम.एस. फैशन शोरूम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। फायरिंग के दौरान शोरूम के शीशे चकनाचूर हो गए थे, जबकि घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी जांच शुरू की थी। इसी जांच के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और दूसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News