निजी स्कूल बस ड्राइवर की ओवरस्पीड से मचा हड़कंप, बीच सड़क लोगों ने घेरा
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 11:44 PM (IST)
जालंधऱ : जालंधर से एक निजी स्कूल बस ड्राइवर की लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां बस को रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार में चलाने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि ग्रीन मॉडल टाउन इलाके के एक प्राइवेट स्कूल की बस को तेज गति से दौड़ाया जा रहा था, जिससे राहगीरों और बच्चों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बस को रोक लिया और पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया।
वीडियो बनाने वाले एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि ड्राइवर बच्चों की जान जोखिम में डाल रहा था। जब लोगों ने ड्राइवर को रोका तो उसने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली। हालांकि, इस दौरान बस के हेल्पर का रवैया आक्रामक बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हेल्पर ने गलती मानने के बजाय लोगों को उल्टा धमकाते हुए कहा— “जो करना है कर लो।”
मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन तक पहुंच गया है। मैनेजमेंट ने पूरे मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया है। वहीं इस तरह की घटना एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और ड्राइवरों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

