पैरागॉन इंटरनेशनल स्कूल में आधी रात दीवार फांदकर अंदर घुसे शातिर चोर, CCTV खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 09:17 AM (IST)
लुधियाना(राज): गांव नंगल स्थित पैरागॉन इंटरनेशनल स्कूल में चोरों द्वारा धावा बोलकर कीमती सामान और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरों ने स्कूल में न केवल ताले तोड़े, बल्कि बच्चों के तोहफों तक को नहीं छोड़ा। इस संबंध में स्कूल के टीचर ने थाना डेहलों की पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ता शिक्षक मनपाल सिंह ने बताया कि 13 मार्च की रात करीब 3:05 बजे स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में 4 अज्ञात युवक कैद हुए हैं। ये शातिर चोर स्कूल की बाहरी दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। आरोपियों ने बड़ी बेखौफ के साथ स्कूल के कमरों के ताले तोड़े और अलमारियों को खंगाला। चोर अपने साथ स्कूल की दराज में रखी नकदी, लेनोवो कंपनी के 2 टैबलेट, ब्लूटूथ स्पीकर, कॉलर माइक और बच्चों के लिए रखे गए गिफ्ट्स चोरी करके ले गए।
शिक्षक ने बताया कि घटना का पता तब चला जब सुबह स्कूल के ताले टूटे हुए मिले। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि नकाबपोश लुटेरों ने बड़ी ही चालाकी से वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद से स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों में पुलिस की गश्त को लेकर रोष पाया जा रहा है। फिलहाल स्थानीय पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

