UPI Payment पर बवाल, Petrol Pump Association ने लिया बड़ा फैसला

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 05:20 PM (IST)

लुधियाना: UPI से भुगतान करने वाले ग्राहकों के लिए अहम खबर सामने आई है। 2,000 रुपए से अधिक की UPI ट्रांजैक्शन पर शुल्क लगाने के प्रस्ताव का विरोध शुरू हो गया है। इसी बीच पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने भी ऐलान किया है कि यदि यह फैसला लागू होता है तो पेट्रोल पंपों पर 2,000 रुपए से अधिक की खरीदारी के लिए UPI से भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे ग्राहकों को नकद भुगतान करने के लिए कहा जाएगा।

पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
एसोसिएशन के प्रधान अशोक सचदेवा ने बताया कि पेट्रोल पंपों पर करीब 30 प्रतिशत लेन-देन UPI के जरिए होता है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बिक्री में मुनाफा पहले ही काफी कम है। ऐसे में पंप मालिकों के लिए अतिरिक्त शुल्क का बोझ उठाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि यदि 2,000 रुपए से अधिक की UPI ट्रांजैक्शन पर शुल्क लागू किया जाता है तो पेट्रोल पंपों पर 2,000 रुपए से अधिक का पेट्रोल-डीजल खरीदने वाले ग्राहकों से UPI भुगतान नहीं लिया जाएगा। उन्हें नकद भुगतान करना होगा। इस संबंध में पेट्रोल पंपों पर बाकायदा नोटिस भी लगाए जाएंगे।

UPI से कई समस्याएं हुईं कम
अशोक सचदेवा ने कहा कि UPI के आने के बाद नकली नोट, फटे-पुराने नोट और खुले पैसों जैसी कई समस्याओं से राहत मिली थी। अगर दोबारा बड़े लेन-देन पर शुल्क लगाया गया तो इन समस्याओं के फिर से बढ़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार से अपील की कि पेट्रोल और डीजल कोई लग्जरी वस्तु नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरत है। इसलिए इसे इस तरह के शुल्क से छूट दी जानी चाहिए।

ग्राहकों ने भी जताई नाराजगी
पेट्रोल पंप पर मौजूद ग्राहकों ने भी प्रस्तावित शुल्क को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि आजकल लोग कम नकदी लेकर चलते हैं और ज्यादातर भुगतान UPI के जरिए करते हैं। ऐसे में 2,000 रुपए से अधिक के भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क या नकद भुगतान की शर्त से ग्राहकों को परेशानी हो सकती है। एक ग्राहक ने सुझाव दिया कि अगर शुल्क लगाना ही है तो 2,000 रुपए की सीमा के बजाय 10,000 रुपए से अधिक के लेन-देन पर इसे लागू किया जाना चाहिए।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News