जेल में बंद कांग्रेसी नेता ने शादी में डाला भांगड़ा, होश उड़ा देगा पूरा मामला, तस्वीरें भी आई सामने
punjabkesari.in Tuesday, Dec 12, 2023 - 09:15 AM (IST)

लुधियाना(राज): कई संगीन मामलों में जेल में बंद यूथ कांग्रेसी नेता सर्वोत्तम सिंह उर्फ लक्की संधू ने एक बड़ा कारनाम कर दिया। बिमारी का बहाना बनाकर उसने जेल प्रशासन को बेवकूफ बना दिया। जेल प्रशासन उसके झांसे में आ गया। उन्होने उसे पी.जी.आई. से चैकअप करवाने के लिए लक्की संधू को जिला पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन, पुलिस के साथ मिलीभगत करके लक्की संधू रायकोट के एक शादी समारोह में पहुंच गया।
यहां उसने ना केवल शादी एटेंड की बल्कि जमकर भंगड़ा भी डाला। उस समय उसका भाई भी शादी में मौजूद था। उन दोनों की वीडियो भी सामने आई है। इस मामले में गुरवीर सिंह गरचा ने सभी सबूतों के साथ पंजाब के सी.एम. भगवंत सिंह मान, डी.जी.पी. गौरव यादव सहित जेल प्रशासन और कमिश्नरेट पुलिस को शिकायत दी है। अब वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए है। हालांकि, जब शिकायतकर्ता ने जेल प्रशासन के अधिकारियों से बात की तो उन्होने पल्ला झाड़ते हुए यह जिम्मेदारी जिला कमिश्नरेट पुलिस की बताई है।
उधर, कमिश्नरेट पुलिस के पास भी इसकी शिकायत पहुंच गई है। शिकायतकर्ता में गुरवीर सिंह गरचा ने बताया है कि उसके बयानों पर सर्वोत्तम सिंह उर्फ लक्की संधू के खिलाफ दो केस दर्ज करवाए थे, एक मोहाली और दूसरा केस लुधियाना के माडल टाऊन में दर्ज है। जिसमें एक केस हनी ट्रेप का है। जबकि दूसरे में उसने गैंगस्टरों के जरिए उसे धमकाया था। इसके अलावा उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 9 केस दर्ज है। जिसमें सितंबर 2023 को थाना साहनेवाल में उसके एक केस में गवाह को गन-प्वाइंट पर किडनैप कर, उससे मारपीट और लूट करने का केस दर्ज है। उस केस में उसका भाई भी नामजद था। जोकि जमानत पर बाहर है। मगर अभी लक्की संधू जेल में बंद है। उसने जमानत की अर्जी डाली हुई है, जिसकी सुनवाई 9 जनवरी 2024 की है। इसके अलावा कुछ दिनों पहले उसने जेल प्रशासन को अर्जी दी थी कि वह बिमार है, उसका इलाज और चैकअप पी.जी.आई. चंडीगढ़ से करवाया जाए। जिसकी उसे इज्जात मिल गई थी। फिर 8 दिसंबर को उसे जिला कमिश्नरेट पुलिस के मुलाजिमों के हवाले कर दिया गया ताकि वह उसे पी.जी.आई. ले जा सके।
पुलिस से मिलीभगत कर शादी समारोह में पहुंचा
गुरवीर सिंह गरचा ने बताया कि 8 दिसंबर को लक्की संधू दो पुलिस मुलाजिमों के साथ पी.जी.आइ. चंडीगढ़ गया था। जहां उसने उनके साथ मिलीभगत कर ली। इसके बाद वह साहनेवाल स्थित अपने घर पहुंचा। जहां से वह तैयार होकर अपने भाई के साथ फाच्र्यूनर कार में रायकोट रोड़ स्थित महल मुबारक पैलेस में चल रही शादी में पहुंच गया। गुरवीर सिंह का कहना है कि उसका एक व्यक्ति आरोपियों के पीछे लगा हुआ था। जिसने यह सब कुछ अपनी आंखों से देखा था।
पंजाबी सिंगर अंग्रेज अली के गानों पर डाला भंगड़ा, पैसे भी लुटाए
गुरवीर सिंह का आरोप है कि लक्की संधू शादी समारोह में अपने भाई के साथ पहुंचा था। उनके साथ पुलिस मुलाजिम भी मौजूद थे। शादी समारोह में पंजाबी सिंगर अंग्रेज अली ने स्टेज संभाल रखी थी। लक्की संधू ने अपने भाई के साथ शादी में भगड़ा डाला और पैसे भी लुटाए थे। इस दौरान सिंगर भी गाने में आरोपी लक्की और उसके भाई का नाम ले रहा था। इस सब की वीडियो शादी में बन गई थी। जोकि वीडियों उसके पास आ गई है।
सी.एम., डी.जी.पी. और अन्य अधिकारियों को भेजी शिकायत
गुरवीर सिंह गरचा ने कहा है कि उसने इस संबंध में एक शिकायत पंजाब के सी.एम. भगवंत सिंह मान, पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव, जेल अधिकारियों और लुधियाना के सी.पी. को ऑनलाइन की है। सी.एम. और डी.जी.पी. से की शिकायत का उसे वापिस कॉल आ गया है, जोकि आगे जांच के लिए भेज दी गई है। मगर जेल अधिकारियों ने अपना पल्ला झाड़ लिया है उनका कहना है कि यह जिम्मेदारी जिला पुलिस की है। उन्होने हवालाती जिला पुलिस को सौंप दिया था।
आरोपी लक्की के लॉरेंस विश्नोई के साथियों से है संबंध
गुरवीर सिंह ने बताया कि जब उसने आरोपी लक्की संधू पर केस दर्ज करवाए थे, तो उसे लगातार गैंगस्टर गुु्रप से धमकियां मिलनी शुरू हो गई थी। क्योंकि, लक्की संधू के कुछ साथी ऐसे है, जिनका लॉरेंस विश्नोई गु्रप से सीधे संपर्क है। जबकि उसने इस संबंध में पहले पुलिस को बताया भी हुआ है। पहले उसे लगातार मारने की धमकियां भी मिलती रही है। गुरवीर सिंह का कहना है कि उक्त आरोपी लक्की बहुत ही शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
जेल में है सैटिंग, सप्ताह में दो बार चैकअप के लिए आता है बाहर
गुरवीर सिंह ने आरोप लगाया है कि लक्की संधू का जेल में बहुत बड़ा नेटवर्क है। उसकी अंदर मुलाजिमों को साथ सैटिंग है। इसलिए वह किसी ना किसी बिमारी का बहाना बनाकर जेल से बाहर चैकअप के लिए निकल जाता है। आम हवालातियों को जेल प्रशासन ने अंदर ही दवा देता है। मगर लक्की को सप्ताह में दो बार बाहर चैपअॅप के लिए भेजा जाता है। अगर पुलिस इसकी गंभीरता से जांच करवाए तो बहुत बड़ा नेटवर्क सामने आ सकता है।