पंजाब को भ्रष्टाचार, क्राइम और ड्रग्स की राजधानी बना दिया भगवंत मान सरकार ने :  तरुण चुघ

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 07:39 PM (IST)

जालंधर :  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री तरुण चुग ने आज चंडीगढ़ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भगवंत मान सरकार ने पंजाब को भ्रष्टाचार, क्राइम और ड्रग्स की राजधानी बना दिया है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी 'कट्टर ईमानदारों की पार्टी' बनने का दावा करते हुए सत्ता में आई थी, वह आज कट्टर बेईमानों की पार्टी बन चुकी है। तरुण चुग ने कहा कि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार पूरी तरह संस्थागत हो चुका है और जिस विजिलेंस विभाग को भ्रष्टाचार रोकने के लिए बनाया गया था, वह स्वयं भ्रष्टाचार की दलदल में फँसा हुआ है।

खनन घोटाले पर बोलते हुए तरुण चुग ने कहा कि अरविंद केजरीवाल विशेष रूप से चंडीगढ़ आकर Rs. 20,000 करोड़ खजाने में आने का वादा करके गए थे, लेकिन रिकॉर्ड निकलवा लीजिए — हज़ार करोड़ भी पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि लगभग Rs. 19,200 करोड़ की लूट हो चुकी है। सतलुज बाँध की त्रासदी पर तरुण चुग ने स्पष्ट कहा कि यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि AAP कार्यकर्ताओं के अवैध खनन से उपजी मानवनिर्मित आपदा है। ग्रामीणों ने अप्रैल 2025 से ही आंदोलन और FIR के माध्यम से सरकार को चेताया था, लेकिन भ्रष्टाचार की हवस के कारण पंजाब के 2100 गाँव डूब गए।

तरुण चुग ने कहा कि AAP शासन में हर साल एक नया प्रहार पंजाब पर हुआ है — पहले साल गैंगस्टर, दूसरे साल रंगदारी, तीसरे साल लुटेरा गैंग और अब चौथे साल संस्थागत भ्रष्टाचार और टॉर्चर सेंटर। उन्होंने कहा कि AAP के MLA, मंत्री और प्रधान खुलकर टॉर्चर सेंटर चला रहे हैं। अमृतसर मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक मंत्री ने अपने घर में टॉर्चर सेंटर बनाकर अफसरों से जबरन साइन कराए, स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर लिए और टेंडर अपने आदमी को दिलवाया — परंतु आज तक मुख्य अपराधी नहीं पकड़ा गया। तरुण चुग ने नए उगाही तंत्र पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि अफसरों से BNRP (मासिक राशि) जमा कराई जा रही है।

तरुण चुग ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के विरुद्ध ED की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि Rs. 100 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग के पक्के दस्तावेज ED के पास हैं, लेकिन पंजाब सरकार आरोपियों के साथ खड़े होकर प्रेस वार्ता कर रही है। उन्होंने कहा, "पंजाब को लूटने वालों को बचाना 'पंजाब प्राइड' नहीं है, भगवंत मान साहब — शर्म आनी चाहिए।" तरुण चुग ने नशे की भयावह स्थिति पर कहा कि AAP विधायक ने स्वयं विधानसभा में स्वीकार किया कि 'पंजाब में पिज्जा की डिलीवरी लेट हो सकती है, नशे की नहीं।' पंजाब पुलिस की गाड़ी से चूरी बिकने का मामला अत्यंत संवेदनशील है, 'युद्ध नशियाँ विरुद्ध' और 'रंगला पंजाब' दोनों फेल हो चुके हैं।

तरुण चुग ने कहा कि पंजाब में आज सरपंच की हत्या, शादियों में गोलीबारी, दुकानदारों की हत्या और हर बड़े डॉक्टर, अस्पताल और उद्योगपति को धमकी भरे फोन आना आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि खाकी, खादी और बाबू — तीनों को आम आदमी पार्टी कंट्रोल कर रही है और तीनों से लूट करवा रही है। ऑपरेशन सिंदूर से 24 घंटे पहले अमृतसर कैंट और जालंधर BSF चौक पर हमले हुए। पुलिस स्टेशनों पर रॉकेट लॉन्चर, मंदिर-गुरुद्वारों पर गोलीबारी, भाजपा कार्यालयों पर बम — सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। DGP कहते हैं पाकिस्तान लिंक है, और मुख्यमंत्री खड़े होकर भाजपा पर आरोप लगाते हैं। तरुण चुग ने स्पष्ट किया कि 7 दिन का समय दिया गया था, कल पूरा हो रहा है — सबूत न दिए गए तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तरुण चुग ने कहा कि भगवंत मान साहब, आपके जाने के महीने गिनती के बचे हैं। पूरा पंजाब कह रहा है — Bye Bye केजरीवाल, Bye Bye भगवंत मान, Bye Bye आम आदमी पार्टी। उन्होंने 'गद्दार' की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि स्वयं अरविंद केजरीवाल के साथ अन्ना आंदोलन से जुड़ी पूरी टीम — किरण बेदी, कुमार विश्वास, आशुतोष, शाजिया इल्मी, स्वाति मालीवाल, राघव चड्ढा, घुग्गी जी और गुरदासपुर के प्रदेश प्रधान — सभी पार्टी छोड़ गए हैं। तरुण चुग ने तीखे शब्दों में कहा — "पंजाब त्रस्त है, और भगवंत मान आकाओं की आव-भगत में मस्त हैं।" उन्होंने पंजाब की जनता से अपील की कि वह डबल इंजन सरकार को मौका दे, जिस तरह भाजपा ने बीमारू राज्यों को विकास का इंजन बनाया, उसी तरह पंजाब को भी फिर से समृद्ध और सुरक्षित बनाया जाएगा


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News