Entry Tax के खिलाफ पंजाब-हिमाचल बॉर्डर पर प्रदर्शन, सड़क जाम, लगी लंबी कतारें

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 02:51 PM (IST)

पंजाब डेस्क: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाए गए एंट्री टैक्स के विरोध में बुधवार को ढेरोवाल बैरियर पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। विधायक दिनेश चड्ढा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पूरी तरह जाम हो गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

धरने के दौरान नालागढ़ के एसडीएम मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से रास्ता खोलने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे ठुकरा दिया। उन्होंने साफ कहा कि जब तक एंट्री टैक्स पूरी तरह खत्म नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। किसान यूनियन और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार के फैसले को गलत बताते हुए कहा कि टैक्स कम करने के दावे भ्रामक हैं। उनका कहना है कि पहले जहां 320 रुपये का टैक्स लिया जाता था, अब उसे बढ़ाकर 570 रुपये तक कर दिया गया है।

विधायक दिनेश चड्ढा ने कहा कि यह सिर्फ टैक्स का मुद्दा नहीं, बल्कि देश की एकता और लोगों की आवाजाही की स्वतंत्रता से जुड़ा मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि टैक्स वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पंजाब-हिमाचल सीमा के अन्य एंट्री पॉइंट्स पर भी विरोध जारी है और कई जगह टैक्स कलेक्शन बंद कराया गया है। इस आंदोलन को किसान यूनियनों, टैक्सी यूनियनों और स्थानीय लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News