फगवाड़ा में किसानों ने होटल में भाजपा नेताओं का घेराव किया

punjabkesari.in Friday, Dec 25, 2020 - 05:55 PM (IST)

फगवाड़ा, 25 दिसंबर (भाषा) भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां एक होटल में पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाने के लिए एकत्र हुए भाजपा नेताओं का घेराव किया। इसके चलते इन नेताओं को पुलिस की सुरक्षा में पिछले दरवाजे से निकलने के लिए बाध्य होना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि होटल का मालिक एक भाजपा कार्यकर्ता है जिसकी एक कंपनी भी है। उन्होंने कहा कि वे कंपनी के उत्पादों का बहिष्कार करेंगे।

यूनियन के उपाध्यक्ष कृपाल सिंह मुस्सापुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने होटल के बाहर प्रदर्शन किया और उन भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं का घेराव किया जो किसानों का प्रदर्शन शुरू होने से पहले होटल के अंदर जा चुके थे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि किसानों ने भाजपा की महिला इकाई की जिला अध्यक्ष भारती शर्मा सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं को होटल के अंदर नहीं जाने दिया।

उन्होंने बताया कि होटल के भीतर गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस सुरक्षा में एक-एक कर पिछले दरवाजे से बाहर निकलना पड़ा।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Related News