Punjab : सरपंच हत्याकांड में 4 गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल गाड़ी बरामद
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 09:25 PM (IST)
होशियारपुर (राकेश): गांव आनंदगढ़ के सरपंच सतपाल की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर मौके पर वारदात में प्रयोग की गाड़ी को जब्त कर लिया। इस संबंध में एस.एस.पी. डॉ. संदीप कुमार मलिक ने पत्रकार सम्मेलन में बताया कि 21 जुलाई को उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने थाना सदर के तहत आते गांव आनंदगढ़ के सरपंच सतपाल को घायल कर दिया है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा। वहां उन्हें पता चला कि सरपंच की हालत ज्यादा नाजुक होने के चलते उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचा दिया गया है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से सरपंच सतपाल की मृत्यु हो गई। इस संबंध में पुलिस ने एक व्यक्ति को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था । उन्होंने कहा कि यह घटना इसलिए हुई, क्योंकि एक व्यक्ति रोहित कुमार सरपंच के पास अपनी कोई समस्या लेकर आया था। उसके पीछे-पीछे ही दूसरे हमलावर भी आ गए।
सरपंच ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन बात आगे बढ़ गई। हमलावरों ने अपनी गाड़ी को सरपंच पर चढ़ा दिया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के लिए गठित टीम जिसमें मेजर सिंह एस.पी. पी.बी.आई., डी.एस.पी. कुलभूषण शर्मा, डी.एस.पी. परनीत सिंह, सी.आई.ए. स्टाफ के इंस्पैक्टर गुरप्रीत, थाना सदर के एस.एच.ओ. बलजिंद्र सिंह, पुलिस ने आज अनमोल सिंह महिलांवाली, अनमोल अस्लामाबाद तथा अनमोल प्रीत बसी मुस्तफा व चरणजीत चन्नी बसी वाहियां को गिरफ्तार कर लिया। जबकि पंकज पठानिया व विजय कुमार की तलाश जा रही है।
मौके पर गाड़ी के ड्राइवर अनमोल को उसी दिन काबू कर लिया गया था। बाकी 3 लोगों को आज काबू किया गया है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सिर्फ 2 अनमोल प्रीत व चरणजीत चन्नी पर ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जाएगी ताकि पता लगाया जा सके की हत्या के पीछे असली कारण किया था तथा इसमें और कौन-कौन से लोग शामिल थे।

