Punjab : लापता युवक का नहर में मिला शव, 3 दिन से गायब था, हत्या की आशंका
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 06:57 PM (IST)
पठानकोट, ( हरजिंदर गोराया) : पठानकोट के थाना सुजानपुर के अधीन आते गांव छोटेपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब पिछले तीन दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता 30 वर्षीय युवक पंकज का शव संदिग्ध अवस्था में नहर से बरामद हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही तीन युवक उसे काम के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बता दें, छोटेपुर का रहने वाला पंकज शादीशुदा था और उसके 2 छोटे-छोटे बच्चे हैं। पंकज किसी दुकान पर काम करता था। फिल्हाल सुजानपुर पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है, इसमें जो तथ्य सामने आएंगे उस तरीके से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मृतक पंकज की माता सुनीता देवी ने बताया कि गत 22 तारीख को गांव के ही तीन युवक उसे घर से काम का झांसा देकर अपने साथ ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि आरोपी उसे जंगल की तरफ ले गए, जहां उन्होंने पंकज के साथ मारपीट की। इसके बाद से ही पंकज रहस्यमयी ढंग से गायब हो गया। तलाश के दौरान नहर के किनारे पंकज की चप्पलें और उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके बाद उसके नहर में बह जाने या डूबने की आशंका जताई जा रही थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने नहर में तलाशी अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पंकज का शव नौशहरा नाले से बरामद किया गया।

