पंजाब विधानसभा की कार्यवाही शुरू, बरगाड़ी बेअदबी मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 10:39 AM (IST)
पंजाब डेस्क: पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। कांग्रेस ने आज भी विधानसभा के बाहर पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। ऐसे में आज भी सदन की कार्यवाही के हंगामेदार रहने के आसार हैं।
सरकार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने में पूरी तरह नाकाम
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले गुरुवार को बरगाड़ी बेअदबी मामले को लेकर सियासी माहौल गर्म रहा। कांग्रेस विधायक काले परने (दुपट्टे) बांधकर विधानसभा पहुंचे और बरगाड़ी बेअदबी मामले में इंसाफ की मांग करते हुए पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार बेअदबी मामले के आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में पूरी तरह नाकाम रही है। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और बरगाड़ी बेअदबी मामले में अब तक न्याय नहीं मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि सरकार अपने दावों को तथ्यों के साथ साबित करे।
प्रदर्शन और तीखी बहस के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई
इस दौरान विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायक प्रगट सिंह और कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह ग्यासपुरा के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर राजनीतिक हमला बोला, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। विधानसभा के बाहर हुए प्रदर्शन और तीखी बहस के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई। माना जा रहा है कि सदन के भीतर भी बरगाड़ी बेअदबी का मुद्दा जोर-शोर से उठेगा। विपक्ष ने स्पष्ट किया है कि वह इस मुद्दे पर सरकार को लगातार घेरता रहेगा।

