'वारिस पंजाब दे' के विधायक अयाली समेत 15 नेताओं पर FIR, चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान बवाल
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 05:32 PM (IST)
पंजाब डेस्कः खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह और अन्य बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर बुधवार को चंडीगढ़ में निकाले गए मार्च के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वारिस पंजाब दे से जुड़े विधायक मनप्रीत सिंह अयाली समेत 15 नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, करीब 2500 से 3000 प्रदर्शनकारी गौशाला चौक पहुंचे और मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश करने लगे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के बैरिकेड तोड़ दिए और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस का यह भी कहना है कि कुछ लोग तलवार, फरसे, कुल्हाड़ी, नेजे और डंडे लेकर पहुंचे थे।
एफआईआर के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कई बार समझाया कि शहर में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है और बिना अनुमति मार्च नहीं निकाला जा सकता। उन्हें सेक्टर-25 के रैली ग्राउंड में प्रदर्शन करने की सलाह भी दी गई, लेकिन पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारी नहीं माने और बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।

