कांग्रेस को चुनावी मैदान में उतारने होंगे कई नए चेहरे

punjabkesari.in Tuesday, Jun 22, 2021 - 10:43 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब में चुनावी गर्मी आनी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी ने पूर्व आई.जी. कुंवर विजय प्रताप को पार्टी में शामिल किया तो दूसरी ओर अकाली दल ने बसपा के साथ समझौता कर लिया है। कांग्रेस भी अपने संकट के निपटारे की तरफ बढ़ रही है।

कांग्रेस में अब यह चर्चा चल पड़ी है कि पार्टी को भी आगामी विधानसभा चुनाव जोकि अगले वर्ष मार्च महीने में होने हैं, में कई सीटों पर नए चेहरों को उतारना पड़ेगा। कांग्रेसियों का मानना है कि कांग्रेस हाईकमान तथा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह दोनों ही आने वाले कुछ महीनों में पंजाब को लेकर सर्वे अपने-अपने स्तर पर करवाएंगे। इन सर्वों में पूछा जाएगा कि कौन सी सीट पर कौन सा उम्मीदवार मजबूत सिद्ध हो सकता है।

कांग्रेस को यह पता है कि उसे अगर 2022 में पुन: राज्य में अपनी सरकार बनानी है तो उसे सबसे पहले उन विधायकों के स्थान पर नए चेहरे लाने होंगे जिनके खिलाफ जनता में नाराजगी पाई जा रही है। इसे लेकर अब कांग्रेस हाईकमान भी काफी सजग हो गया है। इतना तय है कि अगले चुनाव में टिकट लेने में वह विधायक कामयाब रहेंगे जिन्हें मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह का समर्थन हासिल होगा। इसलिए अन्य धड़ों से संबंध रखने वाले विधायकों में अपने भविष्य को लेकर चिंता पाई जा रही है, जबकि कैप्टन अमरेंद्र सिंह के साथ जुड़े विधायक निश्चिंत बताए जा रहे हैं।

कांग्रेस हाईकमान तथा मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने 2017 में विधानसभा चुनावों से पहले भी अपने-अपने स्तर पर सर्वे करवाए थे। बाद में केंद्रीय स्तर पर दोनों सर्वे रिपोर्टों को आपस में मिलाया गया जिसके बाद कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप मिला था।

कांग्रेस संकट हल होते ही टिकटों को लेकर शुरू होगा खेल 
कांग्रेस में चल रहे अंदरूनी संकट का अगले कुछ दिनों में निपटारा होते ही टिकटों को लेकर खेल शुरू हो जाएगा। फिलहाल सभी का ध्यान कांग्रेस नेतृत्व द्वारा लिए जाने वाले फैसले की तरफ लगा हुआ है। उसके बाद पार्टी यह देखेगी कि राज्य में राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए किन-किन उम्मीदवारों को 
पुन: टिकट देना ठीक रहेगा। 

पंजाब और अपने शहर की अन्य खबरें पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Recommended News

Related News