पंजाब कांग्रेस के 3 सीनियर नेताओं ने जेल में की नवजोत सिद्धू से मुलाकात, कही ये बातें..
punjabkesari.in Saturday, Jan 07, 2023 - 08:53 AM (IST)

पटियाला(पंजौला, जोसन): कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पंजाब पहुंच रही है, दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस के 3 पूर्व प्रधानों ने सैंट्रल जेल पटियाला पहुंचकर पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात की। इस मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं और एक संदेश जा रहा है कि टकसाली कांग्रेसी नेताओं का एक बड़ा ग्रुप नवजोत सिंह सिद्धू के साथ है और सिद्धू को आगे करके वह पंजाब में पार्टी को मजबूत करना चाहता है।
पिछले 55 वर्ष से कांग्रेस पार्टी में काम कर रहे और प्रत्येक सरकार में मंत्री रहे और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लाल सिंह, शमशेर सिंह दूलो और मोहिंन्द्र सिंह के.पी. ने सैंट्रल जेल पहुंचकर नवजोत सिंह सिद्धू के साथ मुलाकात की। इसके साथ ही कांग्रेसी विधायक सुखपाल सिंह खैहरा और पूर्व विधायक नवतेज सिंह चीमा ने भी आज जेल में पहुंचकर सिद्धू के साथ मुलाकात की। मुलाकात करने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए लाल सिंह, शमशेर सिंह दूलो और मोहिन्द्र सिंह के.पी. ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू के बाहर आने के साथ पंजाब में कांग्रेस मजबूत होगी।
एक सवाल के जवाब में नेताओं ने कहा कि नवजोत सिद्धू और पंजाब कांग्रेस के मौजूदा प्रधान अमरिंद्र सिंह राजा वडि़ंग में किसी भी तरह का विवाद नहीं है। शमशेर सिंह दूलो ने कहा कि राजा वडि़ंग तो यह कह चुके हैं कि यदि हाईकमान नवजोत सिंह सिद्धू को प्रधान बना देती है तो वह सिद्धू के साथ चलेंगे। नेताओं ने कहा कि 26 तारीख को यदि नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई होती है तो पंजाब भर से हजारों कांग्रेसी पहुंच कर उनका स्वागत करेंगे। उधर, सुखपाल सिंह खैहरा ने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार कहती कुछ है और करती कुछ है। बेशक सिद्धू के अच्छे आचरण के कारण 26 जनवरी को उनकी रिहाई बारे चर्चाएं चल रही हैं परंतु इस सरकार की नीयत पर शक है और वह कोई भी अड़ंगा खड़ा कर सकती है।