Punjab: राणा बलाचौरिया मर्डर केस में नया खुलासा, आरोपी मौके से उठाई पिस्तौल से करता रहा वारदात

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 11:48 PM (IST)

गोनियाना (गोरालाल): कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में थाना नेहियांवाला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने हत्या के बाद मौके पर गिरी .45 बोर की पिस्तौल चुरा ली थी और उसका इस्तेमाल लूटपाट के लिए करने लगा था। आरोपी की पहचान हमीरगढ़ निवासी गुरमेल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

जांच के दौरान पता चला कि यह पिस्तौल पिछले साल दिसंबर में सुहाना में राणा बलाचौरिया की हत्या के बाद मौके पर छूट गई थी, जिसे गुरमेल सिंह ने उठा लिया और बाद में लूटपाट में इस्तेमाल करने लगा। वह एक गैंग से जुड़ा हुआ था और रास्ते में आने वाले लोगों को निशाना बनाता था। हाल ही में उसने गोनियाना खुर्द के पास हरप्रीत सिंह को रोककर पिस्तौल के बल पर उसकी बुलेट मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी छीन ली थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है, जिनमें भगता भाई थाना क्षेत्र में हवाई फायरिंग का मामला भी शामिल है। इसके अलावा उसके खिलाफ कई अन्य थानों में भी केस दर्ज हैं। थाना प्रमुख दिलबाग सिंह बराड़ ने बताया कि आरोपी को अदालत से 3 दिन के रिमांड पर लेकर उसके साथियों और अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News