Punjab Election: मतदान से पहले बठिंडा में हाईवोल्टेज ड्रामा, पढ़ें क्या हैं पूरी खबर

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 10:47 AM (IST)

बठिंडा(विजय वर्मा):  नगर निगम चुनावों के बीच बठिंडा के वार्ड नंबर 2 में सोमवार देर रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद इलाके में भारी हंगामा खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने देर रात कैंट थाना के बाहर धरना देकर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। देर रात तक थाना परिसर के बाहर नारेबाजी और बहस जारी रही। आप प्रत्याशी हरबीर सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वार्ड में सोमवार सुबह से ही मतदाताओं को पैसे बांटकर प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि उनके पास रुपए बांटने के वीडियो भी मौजूद हैं। हरबीर सिंह के अनुसार, उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया, लेकिन उसके पास से कोई नकदी बरामद नहीं हुई।

पुलिस की मौजूदगी में घर में घुसने के भी लगे आरोप
हरबीर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में हार सामने देखकर धनबल का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को पैसे के दम पर प्रभावित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि जरूरत पड़ी तो वे इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग तक भी पहुंचाएंगे। वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी विपिन कुमार ने इन आरोपों को पूरी तरह राजनीतिक ड्रामा बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वार्ड में आप की स्थिति कमजोर होने के कारण भाजपा को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। विपिन कुमार ने आरोप लगाया कि आप प्रत्याशी पुलिस की मौजूदगी में उनके घर में घुस आया और पहली मंजिल पर बने कमरे में जाकर अलमारी तथा अन्य सामान की तलाशी ली। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताते हुए कहा कि यह सीधा-सीधा राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास था। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने पूरे घटनाक्रम में निष्पक्ष भूमिका नहीं निभाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कुछ लोग पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे, तब पुलिस कर्मियों ने उनके मोबाइल फोन तक छीन लिए और कार्रवाई करने की धमकी दी। इस आरोप के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया।

घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता देर रात कैंट थाना पहुंच गए और पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता सरूपचंद सिंगला की अगुवाई में धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने आप प्रत्याशी और संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों की शिकायतें ली गई हैं और घटनास्थल के वीडियो फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वार्ड नंबर 2 की यह घटना चुनावी माहौल में बढ़ती राजनीतिक तल्खी को दर्शा रही है। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में आरोप-प्रत्यारोप और तनाव ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। इलाके में फिलहाल पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News