Punjab : गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर हमला, आरोपी को मौके से भगाने की कोशिश

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 05:18 PM (IST)

बठिंडा (विजय) : गांव ढिपाली में एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची संगरूर पुलिस टीम पर उसके परिजनों और गांव के अन्य लोगों ने हमला कर दिया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन करीब 25 से 30 लोगों ने पुलिस टीम को घेरकर कुछ समय के लिए बंधक बना लिया। पुलिस टीम धोखाधड़ी के मामले में वांछित आरोपी रणदीप सिंह को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान उसके परिवार के सदस्यों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया और गांव के अन्य लोगों को भी मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। जब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो लोगों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। पुलिस टीम पर पथराव किए जाने की भी सूचना है।

इस दौरान आरोपी को मौके से भगाने की कोशिश भी की गई। थाना फूल पुलिस ने संगरूर पुलिस के हवलदार गुरसेवक सिंह के बयान के आधार पर 28 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, संगरूर पुलिस ने 21 अप्रैल को रणदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। थाना फूल के सहायक थाना प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं, आरोपी के परिवार का कहना है कि उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News