पंजाब में पानी से हो रही गंभीर बीमारियां! सामने आई रिपोर्ट पढ़ उड़ जाएंगे होश
punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 02:15 PM (IST)
पंजाब : पंजाब में पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आई है। ताजा रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि पंजाब के कई इलाकों के पानी में यूरेनियम, सेलेनियम और नाइट्रेट जैसे हानिकारक तत्व पाए गए हैं। इससे लोगों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है। इसे लेकर संसद की जल संसाधन संबंधी स्थायी कमेटी ने रिपोर्ट जारी करते हुए चिंता व्यक्त की है।
रिपोर्ट्स के अनुसार राज्य की सैकड़ों बस्तियां दूषित पानी की समस्या से जूझ रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पानी में भारी धातुओं की मौजूदगी से कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। खासकर मालवा क्षेत्र में इसका असर अधिक देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ वर्षों में राज्य में कैंसर के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे इस समस्या की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पानी में सेलेनियम की अधिक मात्रा से लिवर और किडनी से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं, जबकि नाइट्रेट युक्त पानी बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता है।
अलग-अलग जिलों में अलग तरह के प्रदूषक
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि अलग-अलग जिलों में अलग तरह के प्रदूषक पाए गए हैं। कुछ इलाकों में यूरेनियम और मरकरी, तो कहीं सेलेनियम और नाइट्रेट की मात्रा अधिक दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस समस्या से निपटने के लिए जल्द ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

