पंजाब में तेज हवाओं के साथ चढ़ेगा पारा, IMD की नई भविष्यवाणी, जानें मौसम का पूरा हाल
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 12:49 PM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब में पिछले कुछ दिनों के दौरान हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि ने जहां फसलों को नुकसान पहुंचाया, वहीं राज्य के तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई थी। अब मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है और आने वाले दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
16 अप्रैल तक मौसम साफ रहने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा और बारिश या ओलावृष्टि की कोई संभावना नहीं है। इसके साथ ही अगले हफ्ते तापमान में 6 से 8 डिग्री तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 16 अप्रैल तक राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और इस दौरान बारिश या ओलावृष्टि नहीं होगी। हालांकि, अगले 3 दिनों में 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने फिलहाल किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है। वहीं, 15 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर आने वाले दिनों में पंजाब के मौसम पर भी पड़ सकता है।
आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होने की संभावना
अगर तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे कम तापमान होशियारपुर में 15.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि रूपनगर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई, जहां तापमान एक दिन में 5.2 डिग्री बढ़कर 18.9 डिग्री तक पहुंच गया। आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

