पंजाब में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश का Alert, पढ़ें मौसम की ताजा Update
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 10:16 AM (IST)
जालंधर: पंजाब में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए गर्मी के तेवरों पर ब्रेक लगा दिया है। राज्य में हुई बारिश ने न केवल लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, बल्कि तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कुछ दिनों से जहां पारा 38 डिग्री सैल्सियस के पार पहुंच चुका था, वहीं बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग ने आगामी मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है, 30 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जिसमें तेज आंधी, बिजली गिरने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 31 मार्च के लिए यैलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके तहत हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इसमें लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो बठिंडा में 32.3 डिग्री सैल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जबकि होशियारपुर में यह 27 डिग्री सैल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो एस.बी.एस. नगर में 15.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में बेहद कम माना जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पंजाब के मौसम में यह बदलाव आया है। उनका कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम इसी तरह परिवर्तनशील बना रह सकता है और बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुल मिलाकर, बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं आगामी दिनों में मौसम को लेकर सतर्कता भी जरूरी हो गई है। बता दें कि शनिवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार सुबह तक कई जिलों में जारी रहा। कुछ स्थानों पर तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों के नजदीकी जिलों में मध्यम से तेज बारिश देखने को मिली, जबकि शहरी क्षेत्रों में इसका असर कम रहा। इसके विपरीत ग्रामीण इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। जालंधर और इसके आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत का अहसास कराया। हालांकि बीच-बीच में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने दैनिक गतिविधियों को प्रभावित भी किया, लेकिन कुल मिलाकर यह बदलाव लोगों के लिए राहत भरा साबित हुआ।

