Punjab : प्रेमिका के घर युवक ने खुद को लगाई आग, बचाने आई लड़की और उसका चचेरा भाई भी झुलसे
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 08:44 PM (IST)
मजीठा (सरबजीत): मजीठा कस्बे में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ लड़की से मिलने आए एक युवक ने घर के अंदर ही अपने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के चक्कर में लड़की और उसका चचेरा भाई भी आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप सिंह निवासी गांव बल खुर्द के रूप में हुई है। थाना मजीठा के प्रभारी कर्मपाल सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, संदीप आज दोपहर अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर मजीठा के एक मोहल्ले में रहने वाली एक लड़की से मिलने आया था। बताया जा रहा है कि घर के अंदर दोनों में किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान संदीप ने अचानक अपने ऊपर तेल या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली।
आग लगती देख लड़की घबरा गई और उसने बचाने की कोशिश की तो वह भी आग की चपेट में आ गई। शोर सुनकर बाहर से लड़की का चचेरा भाई हरपाल सिंह दौड़कर अंदर आया। उसने दोनों को आग से बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह भी झुलस गया। पुलिस ने मृतक संदीप के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि घायल लड़की और उसके चचेरे भाई का इलाज अमृतसर में चल रहा है और वे इस समय बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। दूसरी ओर, मृतक युवक के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे लड़के की साजिश के तहत हत्या की गई है।

