Punjab : अमृतसर में नशे की भयावह तस्वीर! सरेआम इंजेक्शन लगाते दिखे युवक
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 05:16 PM (IST)
अमृतसर: नशों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाने के दावों के बीच अमृतसर से एक बेहद चिंताजनक वीडियो सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। वायरल हो रही इस वीडियो में कुछ युवक खुलेआम नशे का इंजेक्शन लगाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह मामला अमृतसर की माल मंडी के पास का है, जहां युवकों को कथित तौर पर गुप्त अंगों में नशे का टीका लगाते देखा गया।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही युवकों को एहसास हुआ कि उनकी वीडियो बनाई जा रही है, उनमें से एक युवक मौके से भाग निकला, जबकि दूसरा युवक कैमरे के सामने बेहिचक बोलता सुनाई दिया— “टीका लगा रहा हूं, और क्या करना?” युवक का यह जवाब इलाके में फैलती नशे की समस्या की गंभीरता को उजागर करता है।
इस घटना ने एक बार फिर पंजाब में नशे के बढ़ते जाल और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर अमृतसर जैसी धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी से इस तरह की तस्वीर सामने आना लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से नशे का कारोबार चल रहा है और कई बार शिकायतें देने के बावजूद स्थिति में ज्यादा सुधार देखने को नहीं मिला।
इलाके के निवासियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि नशा तस्करों और नशा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को इस दलदल से बाहर निकाला जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कड़े कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ी पर इसका गंभीर असर पड़ेगा।


