रेलवे का नया डिजिटल तोहफा, टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की Live Status तक सब एक ऐप पर
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 10:26 AM (IST)
जालंधर (पुनीत): रेलवे टिकट बुक करवाने के लिए अब यात्रियों के पास स्टेशन के टिकट काउंटर के अलावा मोबाइल ऐप का विकल्प भी उपलब्ध है। रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुक करने के साथ-साथ अपनी यात्रा से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां भी प्राप्त कर सकते हैं। ऐप पर पी.एन.आर. की स्थिति जांचने, ट्रेन की लाइव स्थिति देखने, कोच की स्थिति और प्लेटफॉर्म की जानकारी लेने तथा ट्रेन की समय-सारणी देखने की सुविधा दी गई है। इसके अलावा टिकट रद्द करवाने और रिफंड से संबंधित जानकारी भी इसी माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।

इस ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने वाले यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल से टिकट बुक करने पर यात्रियों को टिकट काउंटरों पर कतार में लगने से बचने और छुट्टे पैसों की परेशानी से राहत मिल सकती है।
रेलवन ऐप में टिकट बुकिंग के साथ यात्रा से जुड़ी अलग-अलग जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से यात्रियों को बार-बार अलग-अलग माध्यमों का सहारा लेने की जरूरत नहीं पड़ती। खासकर अनारक्षित टिकट लेने वाले यात्रियों के लिए मोबाइल से टिकट बुकिंग और उस पर मिलने वाली छूट उपयोगी हो सकती है। अधिकारियों की ओर से रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता अभियान चलाकर तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के माध्यम से यात्रियों को ऐप की सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

