रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, दिल्ली से जालंधर आने वाली ट्रेनों का बदला रूट

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 06:28 PM (IST)

फ़िरोज़पुर (आनंद): उत्तर रेलवे द्वारा परिचालन संबंधी कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली और जालंधर के बीच चलने वाली महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों के रूट में अचानक परिवर्तन किया गया है। इस निर्णय के तहत दिल्ली से जालंधर जाने वाली ट्रेन को लुधियाना में ही रोक दिया जाएगा, जबकि वापसी की यात्रा भी लुधियाना से ही शुरू होगी। 

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि रेलवे के परिचालन कारणों से दो प्रमुख रेलगाड़ियों के सफर में कटौती की गई है। उन्होंने बताया कि ट्रेन नंबर 14681 दिल्ली जंक्शन-जालंधर सिटी, जो आज दिनांक 28 अप्रैल 2026 को दिल्ली से चल रही है, अपने निर्धारित गंतव्य जालंधर सिटी तक नहीं जाएगी। इसे लुधियाना जंक्शन पर ही ‘शॉर्ट-टर्मिनेट’ (समाप्त) कर दिया जाएगा। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 14682 जालंधर सिटी-दिल्ली जंक्शन, जो कल यानी 29 अप्रैल 2026 को जालंधर सिटी से चलने वाली थी, वह जालंधर के बजाय लुधियाना जंक्शन से अपनी यात्रा शुरू करेगी। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लुधियाना और जालंधर के बीच यह रेल सेवा अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे पूछताछ सेवा से जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News