Punjab Weather: तड़के हुई बारिश से बदला मौसम, भीषण गर्मी से लोगों को मिली राहत
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 09:50 AM (IST)
पंजाब डेस्क(परमजीत सिंह मोमी, सोनू) : जेठ महीने की शुरुआत के साथ पड़ रही भीषण गर्मी से गुरुवार तड़के लोगों को बड़ी राहत मिली। राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया और लोगों ने तपती गर्मी से कुछ राहत महसूस की। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और लू ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा था।
कई इलाकों में पारा 46 डिग्री तक पहुंचा
जानकारी के मुताबिक पिछले करीब एक सप्ताह से दिन के समय चल रही गर्म हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा था। कई इलाकों में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। मौसम विभाग ने पहले ही 22 मई को बारिश की संभावना जताई थी और कहा था कि इससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग जारी कर चुका है Yellow Alert
लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया था। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को लू और तेज गर्मी से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की थी। उधर, बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग में भी भारी इजाफा हुआ है। अधिक लोड के चलते कई इलाकों में दिन-रात लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।

