पंजाब को अंधेरे में धकेलने का शर्मनाक रिकॉर्ड AAP सरकार के नाम: राजा वड़िंग

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 07:32 PM (IST)

लुधियाना (रिंकू दानी): पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष व सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आप सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब को अंधेरे में धकेलने का एक और शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। जहां 12 से 18 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है और लोगों को अपने घरों में रोशनी के लिए मोमबत्तियों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली संकट और गहरा गया है। किसान धान की फसल बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उद्योगों पर पाबंदियां लगाई जा रही हैं और गांवों में लंबे समय तक बिजली कटौती हो रही है। 

वड़िंग ने आगे कहा कि स्थिति गंभीर हो चुकी है, पंजाब की पीक बिजली मांग करीब 16,000 मैगावाट है, जबकि बिजली उत्पादन केवल करीब 4,000 मेगावाट है। इसके बावजूद राज्य बाहर से करीब 11,500 मेगावाट बिजली ले रहा है, लेकिन मांग और उपलब्धता के बीच का अंतर गंभीर बिजली संकट पैदा कर रहा है। जिन फसलों को बेटों की तरह पाल-पोसकर बड़ा किया जाता है वे सूख रही हैं और धान की फसल मुरझा रही है। धान की फसल के महत्वपूर्ण सीजन में बिजली की कमी के कृषि पर पड़ रहे प्रभाव को रेखांकित किया। 

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष ने पंजाब के औद्योगिक क्षेत्र पर बिजली संकट के प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उद्योगों को रात 8 बजे से बंद करने के लिए कहा जा रहा है, जबकि रिहायशी इलाकों में भी लगातार बिजली कटौती हो रही है, लंबे बिजली कटों के कारण घरों में इनवर्टर भी राहत देने में असमर्थ हो रहे हैं, प्रदेश की भगवंत मान सरकार बिजली की मौसमी बढ़ती मांग के लिए पर्याप्त तैयारी करने में विफल रही है ।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News