लुटेरी दुल्हन से सावधान, शादी कर बुरा फंसा वन विभाग का सेवानिवृत अधिकारी, जानें पूरा खेल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 12, 2023 - 05:16 PM (IST)

गुरदासपुर (विनोद): शहर में लुटेरी दुल्हन ने वन विभाग के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को लूट लिया। आरोपी विवाह रचाने के 15 दिन में ही अधिकारी से नकदी और सोने के गहने लेकर फरार हो गई। एक महीने से सेवानिवृत्त अधिकारी पुलिस से न्याय पाने के लिए ठोकरें खा रहा है लेकिन अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।

इस संबंधी वन विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी सतनाम सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी और उसके बच्चे भी विदेश में रहते हैं। पत्नी की मौत के बाद वह अकेले रहता था। उसने अपने बच्चों की सहमति से पटियाला की एक महिला से शादी कर ली। शादी के कुछ समय बाद दूसरी पत्नी इलाज का बहाना बनाकर अपने माता-पिता के पास पटियाला चली गई।

उसने बताया कि वहां जाकर उसने इलाज के लिए पैसे मांगे। पहली बार उसने दूसरी पत्नी के खाते में 50 हजार और दूसरी बार एक लाख रुपए और फिर 2 लाख रुपए जमा करा दिए। इस तरह उसने कुल 6 लाख रुपए उसके खाते में डाल दिए। इसके बाद भी जब उसकी पत्नी और पैसे मांगने लगी तो उसने इंकार कर दिया और उसे घर वापस आने को कहा। अगले दिन वह अपनी बहन के साथ घर वापस आ गई। इसके बाद उसकी बहन ने कहा कि वह श्री दरबार साहिब में माथा टेकने जा रही है। उसके ड्राइवर ने उसे अमृतसर छोड़ दिया। अगली रात उसकी दूसरी पत्नी ने उसे ब्रैड में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर में रखे 6 तोले सोने के गहने व 2 लाख रुपए लेकर फरार हो गई।

सतनाम सिंह ने बताया कि उसके साथ हुई ठगी संबंधी सूचना पुलिस को दी गई थी लेकिन एक महीना बीतने के बावजूद पुलिस महिला के खिलाफ मामला दर्ज नहीं कर रही। इस मामले को लेकर डी.एस.पी. सुखपाल सिंह ने कहा कि सतनाम सिंह ने अपनी दूसरी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है जिसकी जांच की जा रही है जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Subhash Kapoor

Related News