पठानकोट में दातर दिखाकर लूट, युवक से 15 हजार कैश और बाइक छीनी

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 02:06 PM (IST)

पठानकोट, (हरजिंदर सिंह गोराया):  पठानकोट के पुरानी कचहरी इलाके में दातर दिखाकर एक बाइक सवार युवक से 15 हजार रुपए नकद और मोटरसाइकिल लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक बाइक रिपेयरिंग का काम करता है। थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्रीत नगर निवासी सन्री माफिया और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।   

बाइक ठीक करवाने आता था आरोपी, जान-पहचान का फायदा उठाकर की वारदात
भदरोआ निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक बाइक रिपेयर की दुकान पर काम करता है। कृष्ण कुमार अपने किसी निजी काम से मोटरसाइकिल पर स्विमिंग पुल लमीनी वाली साइड जा रहा था। रास्ते में उसे प्रीत नगर निवासी युवक सन्री माफिया अपने एक अज्ञात साथी के साथ मिला। पीड़ित आरोपी को पहले से जानता था क्योंकि वह उसकी दुकान पर मोटरसाइकिल ठीक करवाने आता-जाता था।   जबरन बाइक पर बैठाया: आरोपियों ने इशारा करके बाइक रुकवाई। इसके बाद पीड़ित को डरा-धमकाकर आरोपी खुद मोटरसाइकिल चलाने लगा और बीच में कृष्ण को बिठाकर पीछे अपने साथी को बैठा लिया। आरोपी भदरोआ में पूर्व पार्षद के घर के पास से होते हुए उसे पुरानी कचहरी की तरफ ले गया।   

दातर दिखाकर पर्स से निकाले 15 हजार रुपये
कृष्ण ने पुलिस को बताया कि पुरानी कचहरी के पास पहुंचते ही पीछे बैठे अज्ञात आरोपी ने दातर निकालकर प्रीत नगर निवासी युवक (सन्री माफिया) के हाथ में थमा दिया। नकदी और बाइक छीनी: आरोपियों ने हथियारों के बल पर पीड़ित को डराते हुए कहा कि जो कुछ भी उसके पास है, चुपचाप निकाल दे। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसके पर्स से 15,000 रुपये नकद निकाल लिए और उसकी मोटरसाइकिल भी छीन ली।  धमकी देकर भागे: वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।  

2 आरोपियों पर मामला दर्ज
पीड़ित कृष्ण कुमार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना डिवीजन नंबर 1, पठानकोट की पुलिस ने आरोपी सन्री माफिया निवासी प्रीत नगर और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News