दिनदहाड़े लूट से दहशत: लुधियाना में फिर Gas Delivery Boy को बनाया शिकार
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 11:06 AM (IST)
लुधियाना (गीतांजलि): जिले में लूटपाट की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच गैस सिलेंडर डिलीवरी कर्मी को निशाना बनाने की खबर सामने आई है। ताजा मामला राहों रोड इलाके का है, जहां गैस सिलेंडर की सप्लाई कर लौट रहे एक डिलीवरी कर्मी को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बना लिया। आरोपियों ने डिलीवरी कर्मी से करीब 11 हजार रुपये की नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 304(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित इकलाक अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने ऑटो नंबर (PB10ES-8684) से गैस सिलेंडर डिलीवर करने के बाद वापस लौट रहा था। सुबह के समय जब वह राहों रोड गुरु विहार क्षेत्र में Indian Oil के पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए 2 युवकों ने मोटरसाइकिल उसकी गाड़ी के आगे लगा दी।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले रास्ता रोका और फिर बहस करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने उसकी जेब में रखी डिलीवरी की रकम निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक तेजी से फरार हो गए। जब तक पीड़ित ने शोर मचाया तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
पीड़ित के अनुसार, 6 फरवरी को भी इसी तरह की एक घटना सामने आई थी, जिससे इलाके के कामकाजी लोगों में डर का माहौल है। बता दें कि भारत गैस एजेंसी के केशव गुप्ता को 2 बदमाशों ने बीच रास्ते घेर लूट का शिकार बनाया था। पहले गालियां दी और फिर गन प्वाइंट पर लूट करके फरार हो गए थे। पंजाब में बढ़ती लूट की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

