Ludhiana में सरेआम युवक-युवती ने लूटा ई-रिक्शा, आंखों में झोंकी लाल मिर्च और फिर...
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 10:09 AM (IST)
लुधियाना(राज): शिमलापुरी इलाके में एक ई-रिक्शा चालक के साथ हुई लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। हद तो तब हो गई जब वारदात के बाद जख्मी हालत में मदद मांगने पहुंचे पीड़ित को पुलिस ने इलाके का बहाना बनाकर एक चौकी से दूसरी चौकी तक फुटबॉल बना दिया। आखिरकार जब मामला पुलिस कमिश्नर (सी.पी.) के दरबार में पहुंचा, तब कहीं जाकर 'कुंभकर्णी नींद' सो रही पुलिस जागी और शिकायत दर्ज की गई।
वारदात सोमवार रात की है, जब मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले राम प्रकाश ने बताया कि वह शिमलापुरी की एक फैक्ट्री में काम करता है और रात को घर का गुजारा चलाने के लिए ई-रिक्शा चलाता है। सोमवार रात उसने ग्यासपुरा से एक युवक और युवती को ईशर नगर के लिए रिक्शा में बैठाया। उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि मासूम दिखने वाले ये मुसाफिर असल में शातिर लुटेरे हैं। जैसे ही रिक्शा ईशर नगर के सुनसान इलाके में पहुंचा, युवक-युवती ने उसे थोड़ा और आगे चलने को कहा। अंधेरे का फायदा उठाते हुए उन दोनों ने अचानक उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया।
जब वह तेज जलन के कारण चीखने चिल्लाने लगा तो आरोपियों ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उसका ई रिक्शा लेकर फरार हो गए। घायल और बदहवास हालत में वह शिकायत लेकर मराडो पुलिस चौकी पहुंचा, तो उसे यह कहकर टरका दिया गया कि यह उनका इलाका नहीं है। वहां से वह शेरपुर चौकी गया, लेकिन वहां भी उसे वापस मराडो भेज दिया गया। न्याय के लिए तरसते पीड़ित ने अंत में सी.पी. ऑफिस की शरण ली, जिसके बाद आलाधिकारियों के हस्तक्षेप पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। अब पुलिस लुटेरे युवक-युवती की तलाश में जुट गई है।

