स्कूल बस ड्राइवर ने खड़ी ई-रिक्शा को टक्कर मारी, चालक सहित सवारियां घायल
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 01:23 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): गुरदासपुर-कलानौर रोड पर गांव नबीपुर के पास एक प्राइवेट स्कूल की बस सड़क पर खड़े एक सवारियों से भरे ई-रिक्शा से जा टकराई। इस कारण ई-रिक्शा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त गो गया और उसमें बैठी पांच सवारियां मामुली रूप से घायल हुई जबकि ई-रिक्शा चालक के गंभीर चोटें लगी है। उसे सड़क सुरक्षा फोर्स द्वारा मौके पर पहुंच कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी देते हुए मामूली रूप से घायल ई-रिक्शा सवार ओकार चंद और मौके पर पहुंचे ई-रिक्शा चालक के बेटे ने बताया कि ई-रिक्शा चालक ने सड़क किनारे ई-रिक्शा खड़ा कर एक सवारी को उतारा और चलने ही लगा था कि पीछे एक निजी शिक्षण संस्थान की बस बहुत तेज रफ्तार से आई और ई-रिक्शा में बस को ठोक दिया। यही नहीं टक्कर मारने के बाद वह तेजी से वहां से भाग गया और पीछे मुड़कर भी नहीं देखा। टक्कर के कारण ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठी पांच सवारियां भी मामूली घायल हुई जबकि चालक के काफी चोटें आई। उन्होंने मांग की है कि गरीब ई-रिक्शा ड्राइवर का इलाज करवाया जाए और उसके ई-रिक्शा के नुकसान की भरपाई बस ड्राइवर से करवाई जाए।
वहीं मौके पर पहुंचे सड़क सुरक्षा फोर्स के कर्मचारी हरजस सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर चालक रावत मसीह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और संबंधित सदर थाने की पुलिस को सूचित कर दिया गया है। वहीं सदर थाने से पहुंचे सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

