ISI को गुप्त जानकारी भेजने का खुलासा, एक महिला समेत 3 के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 05:57 PM (IST)

फरीदकोट (राजन): देश की सुरक्षा के साथ जुड़ी गुप्त सूचनाएं पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आई.एस.आई व पाकिस्तानी फौज तक पहुंचाने के गंभीर आरोपों में इंटेलीजेंस विंग के स्टेट स्पेशल आप्रेशन सैल, फाजिल्का की ओर से फरीदकोट की एक महिला समेत तीन व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नामजद व्यक्तियों में 2 फौजी मुलाजिम भी शामिल हैं जिनके भारत चीन सरहद पर तैनात होने की बात सामने आई है। पुलिस की ओर से मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

पुलिस रिकार्ड के अनुसार इस संबंधी 8 अक्तूबर 2026 को स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल, फाजिल्का में एफ.आई.आर नंबर 0024 दर्ज की गई है। इस केस में दिलप्रीत सिंह, राजबीर सिंह व गुरनूर सिद्धू को नामजद किया गया है। यह मुकद्दमा सरकारी भेद गुप्त रखने सम्बंधी एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

दर्ज मुकद्दमे के अनुसार, मुलजिमों पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आई.एस.आई व पाकिस्तानी फौज के साथ कथित संपर्क रखने व देश की सुरक्षा के साथ सम्बंधित गुप्त जानकारियां सांझा करने के आरोप हैं जांच एजेंसी की ओर से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित तौर पर कौन सी गुप्त सूचनाएं सांझी की गई व इसके पीछे और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

मुकद्दमे में भारतीय फौज के साथ सम्बंधित मुलाजिमों के नाम आने कारण मामले को देश की सुरक्षा के नजरिये से अहम माना जा रहा है। हालांकि, मुलजिमों के खिलाफ लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच व अदालती कार्रवाई के बाद ही होगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News