चर्च में सेवा करने वाला युवक निकला हेरोइन तस्कर, जालंधर पुलिस ने किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 11:49 AM (IST)
जालंधर: देहात पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक कथित तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान सैमुअल पुत्र मलकीअत निवासी गांव तलवंडी नेपालां, थाना मखू, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है।
जानकारी देते हुए हरविंदर सिंह विर्क एस.एस.पी. जालंधर ग्रामीण ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों पर चलाई जा रही नशा विरोधी मुहिम के तहत की गई। पुलिस टीम की निगरानी एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) विनीत आहलावत और डी.एस.पी. लखविंदर सिंह द्वारा की जा रही थी। उन्होंने बताया कि 8 मई को सी.आई.ए. स्टाफ की टीम, जिसकी अगुवाई इंस्पेक्टर पुष्प बाली और ए.एस.आई. बलविंदर सिंह कर रहे थे, लांबड़ा-नकोदर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नकोदर-जालंधर रोड पर सिंघा गेट के पास पुलिस ने एक युवक को मोटरसाइकिल पर आते देखा। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया और वापस मुड़ने की कोशिश करने लगा, जिस पर पुलिस टीम ने उसे रोक लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद थाना लांबड़ा में एफआईआर नंबर 56 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी तलवंडी नेपालां स्थित एक चर्च में सेवा करता था और पहले एक बैंक में सेल्स मैनेजर के तौर पर भी काम कर चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपी जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी से जुड़ गया और फिरोजपुर के सीमावर्ती इलाकों से हेरोइन लाकर जालंधर, नकोदर और लांबड़ा क्षेत्र में सप्लाई करता था।

