Ludhiana में अवैध बिल्डिंग पर सख्त Action, चला पीला पंजा
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 05:16 PM (IST)
लुधियाना (हितेश): शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए एक निर्माणाधीन इमारत पर कार्रवाई की है। मामला किचलू नगर इलाके का है, जो जोन-डी के अंतर्गत आता है और मूल रूप से रिहायशी क्षेत्र के तौर पर विकसित किया गया है। जानकारी के अनुसार, मुख्य सड़क पर पुलिस चौकी के सामने एक मकान को नियमों के विरुद्ध कमर्शियल उपयोग में बदला जा रहा था। आरोप है कि यहां दुकानों का निर्माण किया जा रहा था, जबकि इस स्थान के लिए केवल रिहायशी नक्शा ही स्वीकृत है।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि पहले भी कई बार निर्माण कार्य को रोका गया था, लेकिन इसके बावजूद काम दोबारा शुरू कर दिया गया। यहां तक कि छुट्टी वाले दिनों का फायदा उठाते हुआ आज शनिवार को निर्माण को आगे बढ़ाने की कोशिश की गई और लैंटर डालने की तैयारी की जा रही थी। शिकायत मिलने पर बिल्डिंग ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और JCB की मदद से बनाए गए पिलरों को गिराकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस स्थान पर कमर्शियल निर्माण की अनुमति नहीं है और न ही इसे नियमित कराया जा सकता है।

टीम का कहना है कि, रिहायशी नक्शा पास है लेकिन मौके पर कमर्शियल दुकानें बनाई जा रही हैं जिसका नक्शा पास नहीं हो सकता और न ही फीस जमा करवाकर इसे रैगुलर किया जा सकता है। मौके पर इस बिल्डिंग के काम को तोड़ दिया गया है। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

