तख्त श्री दमदमा साहिब में नतमस्तक हुए सुखबीर बादल, दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 07:15 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): शिरोमणि अकाली दल के प्रधान एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल मंगलवार को सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ तख्त श्री दमदमा साहिब में नतमस्तक हुए। अपने ऊपर हुए हमले के बाद शुक्राना करने पहुंचे सुखबीर बादल ने तख्त साहिब में पंजाब की अमन-शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए अरदास की। उन्होंने अपनी सलामती के लिए अरदास करने वाली संगतों और शुभचिंतकों का आभार जताया।

तख्त साहिब में माथा टेकने के बाद सुखबीर बादल ने कहा कि वह उन सभी संगतों के ऋणी हैं, जिन्होंने मुश्किल समय में उनके लिए अरदास की और उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब आज एक ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां सभी पंजाबियों को एकजुट होकर प्रदेश को बचाने के लिए आगे आना होगा। सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि पंजाब में ऐसी ताकतें सक्रिय हैं, जो पंजाब को अपना घर नहीं समझतीं और यहां की लीडरशिप को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सिख नेतृत्व को कमजोर करना और पंजाब की अमन-शांति भंग करना इन ताकतों का निशाना है। कुछ लोग पंजाब के पुराने बुरे दौर को दोबारा वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अकाली दल किसी भी कीमत पर पंजाब की शांति और भाईचारे को भंग नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल 105 वर्षों से पंजाब, शहीदों और खालसा पंथ के हितों के लिए संघर्ष करने वाली जत्थेबंदी है।

आजादी से पहले पार्टी ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और आजादी के बाद पंजाब के अधिकारों तथा हितों के लिए लगातार आवाज बुलंद की। पार्टी की प्रधानगी की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका मुख्य उद्देश्य पंजाब में शांति, भाईचारा और खुशहाली कायम रखना है। सुखबीर बादल ने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना और पंजाब की तरक्की व खुशहाली सुनिश्चित करना अकाली दल का मुख्य मिशन है। उन्होंने परमात्मा के चरणों में अरदास करते हुए कहा कि पंजाब दोबारा खुशियों और अमन-शांति से भर जाए।
परमात्मा ने हर बार सुखबीर की रक्षा की: हरसिमरत
सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि सुखबीर बादल के घावों के टांके खुल चुके हैं और प्रभावित स्थान पर अब प्लास्टर लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिशें की जा रही हैं और इसी कारण विरोधी ताकतों की ओर से सुखबीर बादल को निशाना बनाया जा रहा है। हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पिछले दो वर्षों में सुखबीर बादल पर जितने भी हमले हुए, हर बार परमात्मा ने उनकी रक्षा की। उन्होंने सुखबीर बादल की सलामती के लिए अरदास करने वाली संगतों और शुभचिंतकों का धन्यवाद किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अकाली दल के नेता, कार्यकर्ता और संगत मौजूद रही।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

