बजट सेशन से पहले सुखपाल खैहरा ने पंजाब सरकार पर बोला हमला, कहा- महिलाओं का मजाक उड़ा रहे...

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 12:01 PM (IST)

पंजाब ​​डेस्क : कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरहा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर पर कड़ा हमला बोला है और राज्य में लॉ एंड ऑर्डर को पूरी तरह फेल बताया है। खैरहा ने कहा कि पंजाब में रोजाना हत्याएं हो रही हैं। सुखपाल खैहरा ने आरोप लगाया कि पंजाब में दिनदहाड़े सरपंचों की हत्या हो रही है और अब तक चार-पांच ऐसे सरपंचों की हत्या हो चुकी है जो आम आदमी पार्टी से जुड़े थे।

नकोदर के गांव बूटे दियां छन्ना के सरपंच महिंदर सिंह कॉमरेड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ने के कारण उन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। इसके अलावा उन्होंने जगदेव कलां के पुलिस कांस्टेबल जगजीत सिंह की हत्या का मुद्दा भी उठाया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का हवाला देते हुए सुखपाल खैहरा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के एक वायरल वीडियो की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंचों से महिलाओं का मजाक उड़ा रहे हैं और घटिया चुटकुले सुनाकर पंजाब की तौहीन कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री की ऐसी मनगढ़ंत कहानियों पर तालियां न बजाने की भी अपील की।

सुखपाल खैहरा ने राज्य सरकार पर फर्जी पुलिस एनकाउंटर करने के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पंजाब में अब तक 42 एनकाउंटर हो चुके हैं, जिनका पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने भी नोटिस लिया है। उन्होंने बाघा पुराना के विधायक अमृतपाल पर 'हैप्पी सरपंच' मर्डर केस में शामिल होने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस अपने विधायकों को बचाने के लिए FIR दर्ज नहीं कर रही है।

सुखपाल खैहरा ने पंजाब के बढ़ते कर्ज पर चिंता जताई और कहा कि पिछले चार सालों में 1.5 लाख करोड़ रुपये का नया कर्ज हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री के पद पर कब्जा किया हुआ है और राज्य में गैर-पंजाबी राज कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब का पैसा दूसरे राज्यों में विज्ञापन पर बर्बाद किया जा रहा है। खैहरा ने पंजाब के लोगों से इस सरकार के कथित ज़ुल्म के खिलाफ जागने और एकजुट होने की अपील की।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News