DM Suicide Case: मुख्यमंत्री के पास सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक आधार नहीं-सुनील जाखड़

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 05:53 PM (IST)

पंजाब डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अमृतसर के वेयरहाउस के जिला मैनेजर द्वारा आत्महत्या किए जाने पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के पास अब सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक आधार नहीं बचा है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए जाखड़ ने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि पहले फिरौती न दे पाने के कारण पंजाब के लोगों की जानें जा रही थीं और लोग गैंगस्टर राज का सामना कर रहे थे, लेकिन अब मंत्रियों की कथित मांग पूरी न कर पाने के कारण सरकारी अधिकारियों तक को अपनी जान देनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि यह घटना दिनदहाड़े एक अधिकारी की हत्या के समान है। मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। जाखड़ ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी हैरानी जताई जिसमें उन्होंने जांच मुख्य सचिव को सौंपने की बात कही, और सवाल उठाया कि हत्या के मामलों की जांच मुख्य सचिव कब से करने लगे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना सरकार के “कट्टर ईमानदारी” के दावे की असलियत उजागर करती है। उन्होंने कहा कि यह मंत्रिमंडल नहीं बल्कि “गैंग ऑफ मिनिस्टर्स” है। उन्होंने कहा कि पहले मंत्री विजय सिंगला, फिर सरारी और अब लालजीत सिंह भुल्लर-ये सभी इस सरकार का असली चेहरा दिखाते हैं।

सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान अब अपने पद पर बोझ बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, पार्टी चुप नहीं बैठेगी। साथ ही उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें और इस मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से समयबद्ध तरीके से करवाई जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News