गुरुओं के आशीर्वाद व संगठन की ताकत से होगी भाजपा मजबूत : सुनील जाखड़

punjabkesari.in Friday, Jul 07, 2023 - 02:09 PM (IST)

अमृतसर: ‘‘गुरुओं के आशीर्वाद व संगठन की ताकत से भाजपा मजबूत होगी।’’ ये शब्द भाजपा पंजाब के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज गुरु नगरी में धार्मिक स्थानों में नतमस्तक होने के बाद पत्रकारों से कहे। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के हितों व हर पंजाबी की आकांक्षाओं की रक्षा के लिए अथक प्रयास करेंगे। पंजाब में होने वाले निकाय चुनाव व 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की विजय झंडा फहराना उनका प्राथमिक लक्ष्य होगा।

बता दें कि सुनील जाखड़ आज सुबह श्री गुरु रामदास अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उनका राज्य महासचिव जीवन गुप्ता, पूर्व मंत्री डा. बलदेव राज चावला, राज्य सचिव राजेश हनी, भाजपा अमृतसर शहरी के प्रधान हरविंद्र सिंह संधू, सुखमिंद्र सिंह पिंटू, डा. राम चावला आदि ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने श्री हरिमंदिर साहिब व श्री दुग्र्याणा मंदिर में माथा टेका। श्री दुर्ग्याणा कमेटी की प्रधान प्रो. लक्ष्मी कांता चावला, अरुण महाजन व अन्य पदाधिकारियों ने सुनील जाखड़ को सम्मानित किया। इसके उपरांत जाखड़ भाजपा जिला कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना समारक में पहुंचे, जहां भाजपा अमृतसर शहरी जिला प्रधान हरविंद्र सिंह संधू के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों व वर्करों ने उनका स्वागत किया।

सुनील जाखड़ ने शहीद हरबंस लाल खन्ना की प्रतिमा पर श्रद्धांजिल अर्पित की। इसके उपरांत उन्होंने श्री रामतीर्थ में भगवान श्री वाल्मीकि जी के चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया, जहां उनको मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। सुनील जाखड़ ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी नियुक्ति के बाद वह सबसे पहले गुरु नगरी में प्रभु चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद लेने व पंजाब की खुशहाली, सरबत के भले तथा भाजपा पंजाब की चढ़दी कला के लिए अरदास करने आए हैं। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री सोम प्रकाश, भाजपा पंजाब के प्रभारी व पूर्व मुख्यमंत्री गुजरात विजय रूपाणी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, पूर्व राज्यसभा सदस्य व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, बिक्रमजीत सिंह चीमा आदि उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News