कोरोना के संदिग्ध मरीज की मौत, निजी अस्पताल ने की पुष्टि, विभाग ने कहा-जानकारी नहीं

punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2020 - 11:29 AM (IST)

जालंधर(मृदुल): जालंधर में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिस कारण लोगों में दहशत का माहौल है। शनिवार को स्थानीय जौहल अस्पताल में 47 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि डॉक्टरों की मानें तो व्यक्ति की मौत होने के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई है, जिसके चलते अस्पताल व अन्य लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बहरहाल यह पोस्टमार्टम का विषय है। उल्लेखनीय है कि जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह पिछले 6 दिनों से रामामंडी स्थित उक्त अस्पताल में उपचाराधीन था।

मृतक की पहचान सहदेव के रूप में हुई है, जोकि मूलरूप से महाराष्ट्र के सांगली इलाके का रहने वाला था और कई वर्षों से सर्जिकल कांप्लैक्स जालंधर स्थित एक फैक्ट्री में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था। उक्त व्यक्ति पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहा था, जिसके चलते फैक्ट्री मालिक ने उसे पहले बत्तरा अस्पताल और बाद में रामामंडी स्थित जौहल अस्पताल में दाखिल करवाया था।

डॉक्टरों के मुताबिक सहदेव जब अस्पताल में दाखिल हुआ था तो उसके शरीर में केवल 3 ग्राम हीमोग्लोबिन था। खून की कमी के चलते उसे खून भी चढ़ाया गया लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। पहले तीन दिन उसे आई.सी.यू में रखा गया, जिसके बाद स्थिति में थोड़ा सुधार होने के चलते उसे आईसोलेशन वार्ड में वैंटिलेटर लगाकर उसका उपचार किया जा रहा था। करीब दो दिन पहले उसका ब्लड सैंपल लेकर कोरोना टैस्ट के लिए भेजा था, जिसकी रिपोर्ट दो दिन बाद आई। हालांकि बताया जा रहा है कि सहदेव की मौत शनिवार तड़के हुई है मगर बाद दोपहर उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि डॉक्टर भी इस बात के पीछे का सच जानने में जुटे हैं कि सहदेव की मौत आखिर उसकी बीमारी के चलते हुई या कोरोना वायरस के संक्रमण से। 

अस्पताल स्टाफ व अन्य मरीजों के रिश्तेदारों में फैली दहशत
सहदेव की मौत के बाद अस्पताल के स्टाफ मैंबरों व अन्य मरीजों के रिश्तेदारों में दहशत का माहौल फैल चुका है कि कहीं मृतक के शरीर में मौजूद कोरोना वायरस के कण हवा में न फैल गए हों और जो-जो नर्स या डॉक्टर उसके संपर्क में आए हैं, उनके भी टैस्ट कराए जाएंगे। बहरहाल अस्पताल प्रशासन द्वारा सहदेव के मरने से पहले संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार करने के बाद उनकी स्क्रीनिंग के बाद टैस्ट कराए जाएंगे।

बस्ती गुजां में अकेला रहता था सहदेव
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सहदेव मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था। जालंधर में काफी सालों से अकेला ही बस्ती गुजां में किराए के मकान में रह रहा था। उसकी पत्नी और बच्चे व अन्य पारिवारिक मैंबर सब महाराष्ट्र के सांगली इलाके में रहते हैं। जिनसे संपर्क होने के बाद उनके जालंधर आने पर ही सहदेव का संस्कार किया जाएगा।

अपने घरों में रहकर सरकार व प्रशासन का सहयोग करें लोग : ए.सी.पी खैहरा
कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ने के चलते ए.सी.पी जसबिंदर सिंह खैहरा का कहना है कि लोगों को सरकार व प्रशासन का पूरा सहयोग देना चाहिए, ताकि यह बीमारी न फैल सके। सभी तरीके के एहतियात बरतें व सैनिटाइजर, मास्क का प्रयोग करें। घरों के अंदर रहकर ही हम सब लोग इस बीमारी से लड़ सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News