पंजाब में भाजपा के भरोसे है टकसाली अकाली दल

punjabkesari.in Wednesday, Jan 16, 2019 - 11:58 AM (IST)

जालंधर(रविंदर): पंजाब की राजनीति में जल्द ही नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं। बरगाड़ी कांड को लेकर अकाली दल की नीतियों से टूट कर बने नए टकसाली अकाली दल ने भाजपा लीडरशिप पर भरोसा जताया है। यह आने वाली बदली राजनीति के संकेत हैं। यानी टकसाली अकाली दल पंजाब में अपनी राजनीति की नींव भाजपा के बल पर मजबूत करना चाहता है। इससे टकसाली अकाली दल को 2 फायदे होंगे, एक तो केंद्रीय राजनीति तक टकसाली अकाली दल की पकड़ मजबूत होगी तो दूसरी तरफ भाजपा को साथ लेकर शिरोमणि अकाली दल को झटका देने की पूरी तैयारी की जा सकेगी।

PunjabKesari

टकसाली नेताओं को भाजपा लीडरशिप पर पूरा भरोसा
टकसाली अकाली दल के नेता रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, सेवा सिंह सेखवां व रतन सिंह अजनाला ने साफ तौर पर कहा है कि उन्हें भाजपा की लीडरशिप व उनकी नीतियों पर पूरा भरोसा है। 1984 सिख दंगों के मामले में नए सिरे से एस.आई.टी. बनाकर जिस तरह से कांग्रेसी नेता सज्जन कुमार को सजा दिलाई गई है, उससे भाजपा की पहचान सिख जनता में अलग तौर पर उभर कर सामने आई है।

PunjabKesari

अकाली दल से नाता तोड़ने की भाजपा के समझ रखी मांग
इसके अलावा भाजपा ने श्री करतारपुर साहिब कॉरीडोर को खोलकर भी प्रदेश की जनता को ऐतिहासिक क्षण दिए हैं। टकसाली अकाली दल का मानना है कि वह प्रदेश में भाजपा के साथ जाने को पूरी तरह से तैयार है, बशर्ते शिरोमणि अकाली दल से भाजपा प्रदेश में अपना नाता तोड़े। इसके अलावा टकसाली अकाली दल पंजाब में पूरी तरह से अन्य राजनीतिक पार्टियों के साथ गठजोड़ की संभावना तलाश रहा है ताकि पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल व कांग्रेस को तगड़ी टक्कर दी जा सके। सेवा सिंह सेखवां का कहना है कि उनकी  पार्टी  के साथ जहां अकाली दल के कई बड़े नेता सम्पर्क में हैं, वहीं सुखपाल खैहरा की पंजाबी एकता पार्टी व अन्य पार्टियां भी सहयोग करने को तैयार हैं। 

PunjabKesari

आप के साथ गठजोड़ में भी नहीं है कोई दिक्कत
सेखवां ने यहां तक कहा कि उन्हें आम आदमी पार्टी से गठजोड़ करने में भी कोई दिक्कत नहीं है और वह इस पार्टी के नेताओं को भी पंजाब में गठजोड़ के लिए मना लेंगे। एच.एस. फूलका की भाजपा के साथ बढ़ती नजदीकियों को भी टकसाली अकाली दल ने अच्छा बताया है। उनका कहना है कि फूलका व उनका मिशन एक ही है। अगर फूलका भाजपा में शामिल होते हैं तो यह पंजाब की राजनीति के लिए शुभ संकेत है। फिलहाल भाजपा लीडरशिप पर भरोसा जताकर टकसाली अकाली दल ने गेंद भाजपा हाईकमान के पाले में डाल दी है। 


PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News