तरनतारन RPG हमला: कहीं इस आतंकी को जिंदा बताने की कोशिश तो नहीं
punjabkesari.in Saturday, Dec 10, 2022 - 02:19 PM (IST)

पंजाब डेस्कः तरनतारन के पुलिस थाने पर रॉकेट लांचर से हुए हमले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों अनुसार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर खालिस्तानी आतंकवादियों ने इस हमले को अंजाम दिया है। इस घटना के पीछे खालिस्तानी आंतकवादी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा का हाथ होने की बात सामने आ रही है, जिसे उसकी मौत की खबर का जवाब माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि रिंदा इस हमले से यह बताने की कोशिश कर रहा है कि वह अभी मरा नहीं बल्कि जिंदा है।
बता दें कि तरनतारन स्थित सरहाली थाने पर रॉकेट लांचर से हमला किया गया वहां डी.जी.पी. गौरव यादव पहुंचे और उन्होंने सारी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डी.जी.पी. स्थिति का जायजा लेने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि रात 11.22 बजे रॉकेट लांचर से हमला किया गया है। इस्तेमाल किया गया हथियार मिलिट्री ग्रेड का है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि इस आर.पी.जी. अटैक में पाकिस्तान का हाथ है। पाकिस्तान से हथियार भेजे गए हैं। दुश्मन देश रॉकेट का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रेनेड हाईवे से फैंका गया था। डी.जी.पी. गौरव यादव ने आतंकवादियों को चैलेंज करते कहा कि रात को छिप कर हमला करते हैं, अगर हिम्मत है तो सामने से आकर हमला करें।