जालंधर और अमृतसर में हुए बम धमाकों पर बोले तरुण चुघ, CM भगवंत मान को सुनाई खरी-खोटी
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 03:56 PM (IST)
पंजाब डैस्क : जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा है।
जानकारी के अनुसार तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब में बढ़ता नशा, लगातार हो रहे धमाके और सिक्योरिटी फोर्स को निशाना बनाना लॉ एंड ऑर्डर की नाकामी है, जबकि मान सरकार पॉलिटिकल ड्रामे में बिजी है। राज्य में कभी रेलवे ट्रैक को निशाना बनाया जाता है, कभी पुलिस स्टेशनों पर हमले किए जाते हैं। वहीं पुलिस हेडक्वार्टर के बाद अब सेंट्रल फोर्स को भी निशाना बनाया जा रहा है। ये सारी घटनाएं ये साबित करते हैं कि पंजाब की भगवंत मान सरकार हर मोर्चे पर नाकाम है और लॉ एंड ऑर्डर के मामले में तो दोहरी नाकामी है। तरुण चुघ ने आगे कहा कि जालंधर और अमृतसर में BSF और सेना के क्वार्टरों के पास हुए दोनों धमाके एक गंभीर चिंता का विषय हैं। पंजाब की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राजनीतिक नौटंकी में व्यस्त है।
उन्होंने पंजाब CM भगवंत मान को सचेत करते कहा कि इन ड्रामों से बाहर निकलो और पंजाब बचाओ। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की जनता आपकी कहानियां और चुटकुले नहीं चाहती, पंजाब की जनता शांति, विकास, सुरक्षा और बच्चों को नशे से मुक्ति दिलाना चाहती है लेकिन मौजूदा हालात साफ बता रहे हैं कि पंजाब की मान सरकार अपनी सारी जिम्मेदारियां भूल चुकी है, सुरक्षा देना, विकास सब कुछ भूल चुकी है। केवल केजरीवाल और सिसोदिया की सेवादारी में पूरी सरकार मस्त है और पूरा पंजाब डर, खौफ और असुरक्षा से ग्रस्त है।
हाल ही में जालंधर और अमृतसर में हुए बम धमाकों का आरोप पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी पर लगाया। इस बारे में बोलते हुए तरुण चुघ ने कहा कि भगवंत मान का झूठे आरोप लगाने वाला बयान बेहद घटिया, अपनी नालायकी को छुपाने के लिए दिया गया बयान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान से राज्य संभाला नहीं जा रहा। हर मोर्च पर वह नाकाम हैं। प्रशासन, सुरक्षा उनसे संभाले नहीं जा रहे। पुलिस स्टेशनों पर 22 से ज्यादा ग्रेनेड हमले हो गए, मंदिरों पर हमले हुए, पुलिसकर्मियों की हत्या कर वीडियो बनाई जा रही, ऐसे में अपनी नालायकी बचाने के लिए वह मनगढ़ंत, हास्यास्पद और झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि शर्म करो कि खुद आपसे कुछ हो नहीं हो रहा और केंद्र सरकार पर आरोप लगा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

