तरुण चुघ ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- राहुल गांधी कर रहे ट्रेडमिल यात्रा
punjabkesari.in Thursday, Nov 10, 2022 - 08:36 PM (IST)

अमृतसर : बीजेपी मंत्री तरुण चुघ ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर उन पर तंज कसा है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा की तुलना "ट्रेडमिल" पर दौड़ने के समान बताते हुए कहा कि जिस तरह मशीन पर दौड़ने वाला या चलने वाला पसीना बहाता है मीटर भी दौड़ता है पर कोई दूरी नहीं तय करता यानि कुछ प्राप्त नहीं कर सकता हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी कोई लक्ष प्राप्त नहीं हो रहा है और शायद वह अपने नेताओं को संदेश दे रहे हैं कि अल्पसंख्यक वोट जोड़ने के लिए भारतीय संस्कृति और अस्मिता पर प्रहार करने में पीछे मत रहो और वोट बैंक की राजनीति करते रहो।
चुघ ने कहा की कांग्रेस नेताओं द्वारा हिन्दू धर्म के लिए अपशब्द की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है। छत्तीसगढ में राजनांदगांव कांग्रेस की महापौर हेमा देशमुख की उपस्थिति में हिन्दू धर्म के अपमान की घटना कोई अलग घटना नहीं है। कांग्रेस पार्टी द्वारा भारतीय संस्कृति पर निरंतर आघात किया जाता रहा है। भारतीय राजनीति की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का यह कोई नया कारनामा नहीं है। कांग्रेस नेताओं द्वारा हिन्दुओं को कभी भगवा आतंकवाद, कभी तालिबानी तो कभी बोको हराम जैसे आतंकी संगठनों से तुलना की गई। चंद दिनों पहले कर्नाटक के कांग्रेस पूर्व मंत्री सतीश जारकीहोली ने हिन्दू धर्म के लिए गंदे और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था।
उन्होंने आगे कहा कि दूसरी तरफ भारतीय राजनीति की सबसे नई नवेली आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री राजेन्द्र गौतम ने हिन्दू धर्म पर अभद्र टिप्पणियां की। गुजरात के आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने यहां तक कह डाला कि मन्दिर शोषण का केन्द्र स्थल है। कथावाचक से लेकर हिन्दू धर्म-संस्कृति तक पर आघात किया। चुघ ने कटाक्ष करते हुए कहा की जी-20 के ‘लोगो’ के संबंध में जो लोग कमल पुष्प का विरोध कर रहे हैं, उन्हें मालूम होना चाहिए कि भारत का राष्ट्रीय पुष्प कमल है। यह राष्ट्र और राष्ट्रवाद के किसी भी तत्व के प्रति कांग्रेस के मन में व्याप्त अवमानना को दर्शाता है। कांग्रेस राष्ट्रवाद के खिलाफ किसी भी हद तक जाने के लिए हमेशा तैयार दिखती है। कांग्रेस के नेताओं को भारत का इतिहास जानना चाहिए कमल आज से नहीं, बल्कि हजारों वर्षो से भारतीय संस्कृति में अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here