जालंधर में ''आई लव मुहम्मद'' का मुद्दा गरमाया, मशहूर चौक पर भारी पुलिस बल तैनात

punjabkesari.in Saturday, Oct 04, 2025 - 12:27 PM (IST)

जालंधर (सोनू): जालंधर में 'आई लव मुहम्मद' के मुद्दे पर हुए विवाद के खिलाफ हिंदू संगठनों ने श्रीराम (कंपनी बाग) चौक पर धरना दिया है। हिंदू नेता सड़क पर तंबू लगाकर बैठे हैं और हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को दोषियों की गिरफ्तारी के लिए आज तक का समय दिया है। धरना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। भाजपा नेता शीतल अंगुराल और कई अन्य नेता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।

PunjabKesari

जानें क्या है पूरा मामला

यह विवाद शुक्रवार शाम को तब भड़क गया जब प्रेस क्लब के पास मुस्लिम और हिंदू गुटों के बीच झगड़ा हो गया। दरअसल, ऑल इंडिया उलेमा के सदस्य कमिश्नर कार्यालय में ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इसी बीच, पोस्ट ऑफिस के पास स्कूटर चला रहे योगेश नाम के एक युवक ने भीड़ में "अल्लाहु अकबर" का नारा सुना और "जय श्री राम" का नारा लगा दिया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। योगेश का आरोप है कि मुस्लिम युवकों ने उनके स्कूटर को घेर लिया, उन्हें धक्का दिया और पीटा। उनका यह भी आरोप है कि उन्हें जबरन "अल्लाहु अकबर" का नारा लगाने के लिए कहा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। जब उन्होंने ऐसा नहीं किया, तो उनकी पिटाई की गई।

हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन

इस घटना के प्रकाश में आते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने पहले प्रेस क्लब चौक और फिर बी.एम.सी. चौक को जाम कर दिया, जिससे देर शाम तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। उनकी मांग पर पुलिस ने मुस्लिम पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म कर दिया गया। हालाँकि, दोषियों की गिरफ्तारी की शर्त पर यह प्रदर्शन खत्म कर दिया गया।

मुस्लिम पक्ष का तर्क और एफआईआर

मुस्लिम पक्ष की ओर से ऑल इंडिया उलेमा के अध्यक्ष मोहम्मद अकबर अली ने इस मामले में सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह देश में मुसलमानों के साथ हो रहे भेदभाव के खिलाफ एक ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। उन्होंने स्वीकार किया कि एक व्यक्ति ने उन्हें देखा और "जय श्री राम" के नारे लगाए। उन्होंने मारपीट के आरोपों को झूठा बताया और कहा कि चोरी हुए स्कूटर की चाबी वापस कर दी गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News