पुलिस को चकमा! पल भर में हाथ से फिसला आरोपी, CCTV में कैद हुआ मंजर

punjabkesari.in Thursday, Jan 01, 2026 - 06:19 PM (IST)

लुधियाना : लुधियाना पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। खन्ना में पुलिस को चकमा देकर लूटख़सोट का एक आरोपी फरार हो गया। फरार आरोपी की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो माजरी मोहल्ला, खालसा स्कूल रोड, खन्ना का निवासी है। लुटेरे के भागने का सी.सी.टी.वी. फुटेज भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार के खिलाफ थाना जमालपुर, लुधियाना में लूटखसोट का मामला दर्ज है। इस मामले में लुधियाना पुलिस की एक टीम आरोपी को रिकवरी के लिए खन्ना ले गई थी। इस कार्रवाई का नेतृत्व लुधियाना पुलिस के ए.एस.आई. पलविंदर पाल सिंह कर रहे थे। बताया जा रहा है कि रिकवरी के बाद जब पुलिस टीम आरोपी को वापस लुधियाना ले जा रही थी, तो रास्ते में पुलिस ने पेशाब करने के लिए अपनी गाड़ी एक पेट्रोल पंप पर रोकी। दो पुलिस कर्मचारी पेशाब करने गए, जबकि एक कर्मचारी ड्राइवर सीट पर बैठा रहा।

इस दौरान पिछली सीट पर बैठे आरोपी ने मौका देखकर खिड़की खोली और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की तुरंत सूचना खन्ना पुलिस को दी गई। लुधियाना पुलिस के ए.एस.आई. पलविंदर पाल सिंह की शिकायत पर थाना सिटी 2, खन्ना में आरोपी संतोष कुमार के खिलाफ पुलिस हिरासत से भागने का एक और मामला दर्ज किया गया है। इस समय लुधियाना पुलिस और खन्ना पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्दी ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News