पंजाब में नकली नोट चलाकर ठगने वाले दो युवक गिरफ्तार, पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे!
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 02:10 PM (IST)
बरेटा (बांसल): दुकानदारों को 500 रुपये के नकली नोट देकर ठगी करने वाले दो व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली नोट बरामद कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी मेवा सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बरेटा कैंचियों के कई दुकानदारों ने शिकायत की थी कि कुछ युवक छोटी-मोटी खरीदारी करके 500 रुपये का नोट देते थे और बाकी पैसे वापस लेकर चले जाते थे। बाद में जब दुकानदारों ने नोटों की जांच की तो वे नकली पाए गए। इसके बाद दुकानदारों में रोष और चिंता का माहौल था।
शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके में निगरानी बढ़ा दी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों संदीप कुमार निवासी बरेटा और माली सिंह निवासी अकबरपुर खुडाल के कब्जे से 500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 189 भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए थे, इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं और अब तक कितने दुकानदारों के साथ ठगी की गई है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान और भी अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस ने आम लोगों और दुकानदारों से अपील की है कि वे विशेषकर 500 रुपये और बड़े मूल्य के नोट लेते समय सतर्क रहें। नोटों के सुरक्षा फीचर्स जैसे वाटरमार्क, सुरक्षा धागे और छपाई की अच्छी तरह जांच करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या नकली नोट के संबंध में तुरंत पुलिस थाने में सूचना दें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

