Ludhiana : दिनदहाड़े लूट, सवालों के घेरे में थाने की भूमिका, ढाई महीने बाद जागी पुलिस
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 10:19 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में बेखौफ लुटेरों और चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है, वहीं दूसरी ओर खाकी की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामले में शिव चौक पुल के ऊपर से अज्ञात व्यक्ति एक युवक का मोटरसाइकिल और कीमती मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि 28 नवंबर 2025 को हुई इस वारदात का मुकदमा थाना मोती नगर पुलिस ने अब करीब ढाई महीने की देरी से दर्ज किया है।
चर्चा है कि पुलिस अक्सर अपने इलाके का क्राइम ग्राफ कम दिखाने के लिए मौके पर केस दर्ज करने के बजाय मामले को लटकाए रखती है। जब पानी सिर से ऊपर निकल जाता है या पीड़ित उच्चाधिकारियों के पास गुहार लगाता है, तब जाकर कहीं फाइलें हिलती हैं। इस मामले में भी देरी का कारण पुलिस की कथित सुस्ती और आंकड़े छिपाने की कोशिश माना जा रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में सुरिंदर सिंह ने बताया कि वह अपने पैशन प्रो. मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। जब वह शिव चौक के पास पुल पर पहुंचा, तो उसने बाथरूम करने के लिए अपना मोटरसाइकिल साइड में खड़ा किया। इसी बीच घात लगाकर बैठे 3-4 अज्ञात व्यक्तियों ने मौका पाकर उसका मोटरसाइकिल उड़ा लिया। पीड़ित ने बताया कि मोटरसाइकिल के साथ उसका एक बैग भी लुटेरे ले गए, जिसमें उसका कीमती मोबाइल फोन OPPO RENO 10 रखा हुआ था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ी फुर्ती से मौके से गायब हो गए। अब देखना यह होगा कि ढाई महीने बाद एफ.आई.आर. दर्ज करने वाली पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कितना समय और लगाती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

